-कांग्रेस नेता ने नशे को राज्य की बड़ी समस्या बताया; ‘आप’ सरकार पर वादे पूरे न करने का आरोप, सत्तारूढ़ दल को जवाब देना होगा
संगरूर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पंजाब में आगामी चुनावों के लिए पार्टी का अभियान तेज करते हुए नशीले पदार्थ ‘चिट्टा’ को राज्य के सामने सबसे गंभीर समस्याओं में एक बताया। उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार पर नशे की आपूर्ति रोकने और युवाओं को सुरक्षित भविष्य देने के वादे पूरे न करने का आरोप लगाया।
राहुल ने दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला से अपनी मुलाकात को याद करते हुए कानून-व्यवस्था और युवाओं की असुरक्षा का प्रश्न उठाया। कांग्रेस पंजाब में नशे, किसान संकट, बेरोजगारी और पुलिस व्यवस्था को मुख्य चुनावी मुद्दा बनाने की तैयारी कर रही है।
आप सरकार पहले भी दावा करती रही है कि मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध गिरफ्तारियां, संपत्ति कुर्की और विशेष अभियान चलाए गए हैं। इसलिए नशे की स्थिति का निष्पक्ष आकलन जब्ती अथवा प्राथमिकी की संख्या से आगे जाकर मृत्यु, पुनर्वास, दोषसिद्धि और बड़े आपूर्ति नेटवर्क पर कार्रवाई के आंकड़ों से होना चाहिए।
नशे का खात्मा करने के लिए कांग्रेस ने फूंका बिगुल
कांग्रेस ने पंजाब से नशे का खात्मा करने के लिए बिगुल फूंक दिया है क्योंकि पंजाब में नशे का संकट चरम पर है, जिससे युवाओं का जीवन बर्बाद हो रहा है। ऐसे में उपचार केंद्र और सीमापार तस्करी रोकने की ठोस उपाययोजना किस दल के पास है, ऐसा सवाल राहुल गांधी ने राज्य सरकार से पूछा है।
