-अभिजीत दीपके का तंज; बोले, `अमेरिकी चुनाव की कमान ज्ञानेश कुमार के हाथ में होती तो ट्रंप की कुर्सी नहीं जाती’
सामना संवाददाता / मुंबई
अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप की पार्टी को मध्यावधि चुनाव में करारा झटका लगा तो भारत में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रमुख अभिजीत दीपके को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की याद आ गई। दीपके ने ऐसा तंज कसा कि अमेरिकी चुनाव के नतीजों से ज्यादा चर्चा उनके बयान की होने लगी। उन्होंने कहा कि अगर अमेरिकी चुनाव की जिम्मेदारी ज्ञानेश कुमार के हाथों में होती तो ट्रंप को इस तरह हार का मुंह नहीं देखना पड़ता। यानी ट्रंप को अमेरिकी मतदाताओं ने भले ही झटका दे दिया, लेकिन ज्ञानेश कुमार होते तो शायद कहानी ही कुछ और होती।
दीपके का यह कटाक्ष सीधे भारतीय चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाता है। सीजेपी लगातार आरोप लगाती रही है कि ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली सत्ताधारी बीजेपी के पक्ष में झुकी हुई है। इसी आरोप को अमेरिकी चुनाव के बहाने दीपके ने फिर हवा दे दी। दरअसल, अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी ने कई अहम सीटों पर जीत दर्ज कर ट्रंप की राजनीतिक मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ट्रंप ने खुद अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया, लेकिन मतदाताओं ने कई जगह उनका साथ नहीं दिया। वहां नतीजे मतदाताओं ने तय किए और ट्रंप को हार स्वीकार करनी पड़ी गौरतलब है कि सीजेपी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन चला चुकी है। संगठन ने एसआईआर के जरिए करीब १३ करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए जाने का आरोप लगाया है। फिलहाल, दीपावली तक आंदोलन स्थगित है।
