सामना संवाददाता / मुरादाबाद
होली फैमिली कॉलेज ऑफ नर्सिंग, नई दिल्ली की संस्थापक प्राचार्या प्रो. रामिंदर कालरा ने कहा, हेल्थ सेक्टर में नर्सों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। नर्सें केवल पेशेंट की केयर ही नहीं करतीं, बल्कि उन्हें मेंटल एवम् इमोशनल संबल देने, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने और उनके शीघ्र स्वस्थ होने में भी महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। उन्होंने नर्सिंग स्टुडेंट्स को करुणा, सहानुभूति, ईमानदारी और धैर्य के साथ अपने पेशेवर दायित्वों का निर्वहन करने का संदेश दिया। प्रो. कालरा तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी, मुरादाबाद के तीर्थंकर पार्श्वनाथ कॉलेज ऑफ नर्सिंग, अमरोहा की ओर से बीएससी नर्सिंग प्रथम वर्ष और एएनएम प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित स्टुडेंट्स के लैंप लाइटिंग एवम् शपथ ग्रहण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रही थीं। दूसरी ओर फैकल्टी ऑफ नर्सिंग की डीन प्रो. एसपी सुभाषिनी ने बीएससी नर्सिंग एवं एएनएम के नवप्रवेशित स्टुडेंट्स को नर्सिंग की शपथ दिलाई। स्टुडेंट्स ने मानवता की सेवा, रोगियों की गरिमा एवम् गोपनीयता बनाए रखने, पेशेवर नैतिक सिद्धांतों का पालन करने और पूरी ईमानदारी एवम् निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
इससे पूर्व मुख्य अतिथि प्रो. रामिंदर कालरा, डीन अकेडमिक्स प्रो. मंजुला जैन, डेंटल एवम् एलाइड हेल्थ साइंसेज की डायरेक्टर-गवर्नेंस श्रीमती नीलिमा जैन, फैकल्टी ऑफ नर्सिंग की डीन प्रो. एसपी सुभाषिनी, तीर्थंकर पार्श्वनाथ कॉलेज ऑफ नर्सिंग, अमरोहा की प्राचार्या प्रो. श्योली सेन आदि ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्जवलित करके रिद्धि सिद्धि भवन में लैंप लाइटिंग एवम् शपथ ग्रहण समारोह का शंखनाद किया। इस अवसर पर फ्लोरेंस नाइटिंगेल को भी पुष्पांजलि अर्पित करके हुए भावपूर्ण स्मरण किया गया। मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न और टोकन ऑफ लव भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 20 स्टुडेंट्स को पदक एवम् पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित भी किया गया। डीन एकेडमिक्स प्रो. मंजुला जैन ने कहा, नर्सिंग शिक्षा में किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक दक्षता, अनुशासन और नैतिकता का विशेष महत्व है। उन्होंने स्टुडेंट्स को शैक्षणिक उत्कृष्टता हासिल करने के संग-संग एक जिम्मेदार एवम् संवेदनशील स्वास्थ्य सेवा प्रदाता बनने के लिए प्रेरित किया।
डेंटल एवम् एलाइड हेल्थ साइंसेज की डायरेक्टर-गवर्नेंस नीलिमा जैन ने हेल्थ सर्विस के क्षेत्र में नर्सिंग पेशे की उपयोगिता और जिम्मेदारियों पर प्रकाश डालते हुए स्टुडेंट्स को अपने ज्ञान एवम् कौशल के निरंतर विकास के साथ मानवीय मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा, एक कुशल नर्स समाज और राष्ट्र के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। तीर्थंकर पार्श्वनाथ कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्राचार्या प्रो. श्योली सेन ने नवप्रवेशित स्टुडेंट्स को अनुशासन, परिश्रम, समर्पण और सेवाभाव को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी। समारोह में सिद्धेश्वर अंगाड़ी, मुकुल कुमार, ऑस्कर ओबेदिया, डॉ. सुरेंद्र सिंह, डॉ. वरुण तोषनीवाल, मुस्कान रस्तोगी, दीक्षा यादव, डॉ. फरहा उस्मानी आदि के संग बीएससी नर्सिंग और एएनएम के नवप्रवेशित 153 छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
