मुख्यपृष्ठनए समाचारठाणे जिला में रॉकेट बैन : कागजों पर चली 'खबरदारी' की तोप,...

ठाणे जिला में रॉकेट बैन : कागजों पर चली ‘खबरदारी’ की तोप, पर सुबह तक बजते पटाखों पर कब लगेगा फुल स्टॉप?

-मीरा-भायंदर में तड़के ४ बजे तक आतिशबाजी: सोता रहा प्रशासन, जागते रहे त्रस्त नागरिक!

सुरेश गोलानी / मुंबई

ठाणे जिले में पिछले कुछ समय से आग लगने की बढ़ती घटनाओं और जान-माल के भारी नुकसान को देखते हुए प्रशासन ने एक बड़ा और कड़ा कदम उठाया है। ठाणे के जिलाधिकारी और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. श्रीकृष्ण पांचाळ ने पूरे ठाणे जिले में ‘रॉकेट’ और हवा में उड़ने वाले इसी तरह के अन्य पटाखों के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। यह आदेश ९ नवंबर की रात से प्रभावी हो गया है और ८ जनवरी की रात ११:५९ बजे तक लागू रहेगा। लेकिन इस सख्त आदेश के साथ ही आम जनता के बीच एक बड़ा सवाल तैरने लगा है-“क्या वाकई इन आदेशों का जमीनी स्तर पर पालन होगा, या यह भी सिर्फ कागजी कार्रवाई बनकर रह जाएगा?” आधिकारिक आदेश के अनुसार, ठाणे जिले की सीमा में आने वाले सभी रिहायशी इलाकों, घनी आबादी वाले क्षेत्रों, इमारतों की छतों, पार्किंग, बालकनी, परिसरों और सार्वजनिक व निजी जगहों पर रॉकेट उड़ाना पूरी तरह गैरकानूनी होगा। जिला प्रशासन ने पाया कि कई लोग हाथों में पकड़कर या बेहद खतरनाक तरीके से रॉकेट उड़ा रहे हैं, जिससे सोसायटियों और रिफ्यूज एरिया में आग लगने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। आदेश में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि इस नियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम, २००५ की धारा ५१ और ६० के तहत बेहद सख्त कानूनी कार्रवाई और सजा दी जाएगी। प्रशासन के दावों के विपरीत जमीनी हकीकत यह है कि जिले के कोने-कोने में केंद्रीय विस्फोटक नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। नियमों के मुताबिक, पटाखा बिक्री और भंडारण के लिए सख्त सुरक्षा मापदंड और दूरी तय की गई है, लेकिन मीरा-भाईंदर जैसे शहरों में में अवैध पटाखा स्टालों की बाढ़ आ जाती है। घनी आबादी वाले बाजारों और संकरी गलियों में बिना किसी वैध लाइसेंस या बिना जरूरी एनओसी के ये स्टाल धड़ल्ले से चल रहे हैं। इन बेकायदा दुकानों पर न तो आग बुझाने के पुख्ता इंतजाम होते हैं और न ही नियमों के मुताबिक बारूद की सुरक्षित दूरी रखी जाती है, जिससे हर समय एक बड़े हादसे का खतरा मंडराता रहता है।
सुरक्षा को लेकर प्रशासन की कागजी ‘खबरदारी’ तब पूरी तरह नाकाम साबित होती है, जब शहर नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए सुबह ३-४ बजे तक पटाखों का शोर जारी रहता है। कोर्ट द्वारा तय की गई रात १० बजे की समय-सीमा को ताक पर रात भर होने वाले इन धमाकों के कारण बुजुर्गों, बीमारों और छोटे बच्चों का जीना मुहाल हो गया है। नागरिकों का कहना है कि जब स्थानीय पुलिस और मनपा के अधिकारी इन बेकायदा स्टालों पर कार्रवाई करने और रात भर चलने वाले हुड़दंग को रोकने की बुनियादी खबरदारी नहीं बरत पाते, तो इस नए विशेष प्रतिबंध को पूरी तरह लागू करना प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती साबित होगा।

अन्य समाचार