-`सरकारी मशीनरी की धौंस दिखाना बंद करें चंद्रकांत पाटील’
सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र की महायुति सरकार के मंत्रियों की धमकाने वाली राजनीति पर कांग्रेस विधायक सतेज पाटील ने तीखा हमला बोला है। मंत्री चंद्रकांत पाटील को सीधे चुनौती देते हुए उन्होंने कहा कि सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करके किसी को बर्बाद करने और खत्म करने की भाषा बंद करें। ऐसी भाषा न कोल्हापुर की जनता बर्दाश्त करेगी और न ही महाराष्ट्र की जनता। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि पुणे से घोसरवाड तक बने आपके कांच के महल के बारे में मुझे बोलने पर मजबूर मत कीजिए। मैं भी पाटील हूं। उन्होंने कहा कि भाजपा अब सत्ता के घमंड में डूब चुकी है।
गोकुल दूध संघ के चुनाव को लेकर शुरू हुआ विवाद महायुति और विपक्ष के बीच सीधे राजनीतिक टकराव में बदल गया है। सतेज पाटील ने आरोप लगाया कि गोकुल संघ चुनाव में चार मनोनीत संचालकों को मतदान का अधिकार दिलाने के लिए चंद्रकांत पाटील और मंत्री हसन मुश्रीफ ने दबाव बनाया था। उन्होंने कहा कि जब यह मामला उलटा पड़ने लगा तो चंद्रकांत पाटील मुख्यमंत्री को भी इसमें घसीट लिया था।
हसन मुश्रीफ पर भी निशाना साधते हुए सतेज पाटील ने आरोप लगाया कि गोकुल के १३ संचालकों को धमकाया है और चुनाव परिणाम अपने पक्ष में करने के लिए धमकी है। सतेज पाटील ने चंद्रकांत पाटील की भाषा और राजनीतिक व्यवहार पर सवाल उठाते हुए कहा कि पिछले दस वर्षों से राजनीतिक संघर्ष जारी है, लेकिन दिवंगत डी. वाई. पाटील के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करना उनकी गिरती वैचारिक मर्यादा को दर्शाता है।
