मुख्यपृष्ठनए समाचारछठ पूजा सिर पर, तब जागी प्रशासनिक मशीनरी

छठ पूजा सिर पर, तब जागी प्रशासनिक मशीनरी

 -प्रयागराज के घाटों का जायजा लेने पहुंचे जिलाधिकारी

राजेश सरकार / प्रयागराज

आस्था के महापर्व छठ के बिल्कुल करीब आ जाने के बाद एक बार फिर प्रशासनिक अमला हरकत में आया है। गुरुवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने प्रशासनिक अधिकारियों के लवाजमे के साथ बोट के जरिए संगम, राम घाट, अरैल और बलुआघाट समेत कई प्रमुख घाटों का निरीक्षण किया। छठ पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए उन्होंने अधिकारियों को साफ-सफाई, रोशनी, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए।
-साल भर अनदेखी, त्योहारों पर ‘आनन-फानन’ की कवायद प्रयागराज के प्रमुख घाटों की साल भर नियमित साफ-सफाई और देखरेख होती, तो आज त्योहार के ऐन वक्त पर प्रशासन को इस तरह दौड़-भाग न करनी पड़ती। तीर्थनगरी होने के कारण यहां छठ पर्व, कार्तिक पूर्णिमा और अमावस्या जैसे स्नान पर्वों का सिलसिला पूरे साल चलता रहता है। इसके बावजूद, घाटों की स्थाई स्वच्छता और रखरखाव पर ध्यान नहीं दिया जाता।
स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं का मानना है कि प्रशासन तभी नींद से जागता है जब कोई बड़ा पर्व या त्योहार बिल्कुल सिर पर होता है। ऐन मौके पर शुरू होने वाली इस कवायद से व्यवस्थाएं अक्सर अधकचरी रह जाती हैं। कहीं कीचड़ और गंदगी का अंबार लगा रहता है, तो कहीं अंतिम समय तक लाइटिंग और चेंजिंग रूम का काम चलता रहता है, जिसका सीधा खामियाजा दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं और व्रतियों को भुगतना पड़ता है।
-निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने दिए ये प्रमुख निर्देश:
-साफ-सफाई और रोशनी: नगर निगम और विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया है कि घाटों पर प्रकाश और स्वच्छता की मुकम्मल व्यवस्था समय रहते पूरी कर ली जाए।
– सुरक्षा और बैरिकेडिंग: गहरे पानी में श्रद्धालुओं को जाने से रोकने के लिए स्पष्ट साइनेज लगाने, बैरिकेडिंग करने और गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है।
– मूलभूत सुविधाएं: महिलाओं की सुविधा के लिए घाटों पर पर्याप्त संख्या में चेंजिंग रूम और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
– यातायात और स्वास्थ्य: पुलिस प्रशासन को सुगम यातायात, पार्किंग और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, जबकि स्वास्थ्य विभाग को प्रमुख घाटों पर एम्बुलेंस तैनात रखने के लिए कहा गया है।
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों (एसडीएम) को भी अपने-अपने क्षेत्रों के घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का आदेश दिया है। निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ऋषिराज, नगर आयुक्त सीलम साई तेजा, उपजिलाधिकारी विवेक शुक्ला सहित कई अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

अन्य समाचार