मुख्यपृष्ठनए समाचारदिवाली की खुशियों पर आग का कहर... ६० से ज्यादा झुलसे!

दिवाली की खुशियों पर आग का कहर… ६० से ज्यादा झुलसे!

– पटाखों और दीयों ने मचाई तबाही, दो महिलाओं की हालत गंभीर
– अस्पतालों में बच्चों की भीड़, ७५ फीसदी तक झुलसी महिला

सामना संवाददाता / मुंबई

दिवाली की खुशियों के बीच पटाखों और दीयों से लगी आग ने मुंबई तथा महानगर क्षेत्र के अनेक परिवारों की परेशानी बढ़ा दी। रविवार और सोमवार को हुई दुर्घटनाओं में ६० से अधिक लोग झुलस गए। इनमें दो महिलाएं क्रमश: लगभग ७५ और ५० प्रतिशत गंभीर रूप से झुलस गर्इं हैं। अस्पतालों के अनुसार, पटाखों से संबंधित दुर्घटनाओं में बच्चों की संख्या चिंताजनक रही।
मुंबई के केईएम अस्पताल में ११ मरीजों को बर्न्स विभाग भेजा गया। सायन अस्पताल में तीन, कूपर में १६ और नायर अस्पताल में नौ मामले सामने आए। जे. जे. अस्पताल में भी पांच मरीज पहुंचे।
ऐरोली के नेशनल बर्न्स सेंटर में दो दिनों के दौरान २२ मरीज पहुंचे, जिनमें १७ पटाखों से झुलसे थे। इनमें लगभग आधे बच्चे थे। सेंटर के निदेशक और प्लास्टिक सर्जन डॉ. सुनील केसवानी के अनुसार, अधिकांश पटाखा दुर्घटनाएं अनार जलाते समय हुर्इं।
नई मुंबई में ३१ जगहों पर भड़की आग!
नई मुंबई के अलग-अलग इलाकों में ३१ स्थानों पर आग लगने से दमकल विभाग में हड़बड़ी फैल गई। आग की घटनाओं में कोपरखैरने सबसे आगे रहा, जहां १२ जगह आग लगी। वाशी में ९, नेरुल में ६, ऐरोली में ३ और सीबीडी में एक घटना दर्ज की गई। तलवली नाका के आंबेडकर चौक स्थित प्लॉट नंबर १५७ के गोदाम में लगी आग बुझाने के लिए कोपरखैरने, रबाले एमआईडीसी, महापे और वाशी से दमकल गाड़ियां बुलानी पड़ीं।

अन्य समाचार