मुख्यपृष्ठनए समाचाररसूलाबाद घाट पर बेटे-बहू को मुखाग्नि देते बिलख पड़े पिता...एकसाथ उठीं चार...

रसूलाबाद घाट पर बेटे-बहू को मुखाग्नि देते बिलख पड़े पिता…एकसाथ उठीं चार अर्थियां

राजेश सरकार / प्रयागराज

गुरुवार की सुबह प्रयागराज के रसूलाबाद घाट पर एक बेहद हृदयविदारक दृश्य देखने को मिला, जब एक ही परिवार के चार सदस्यों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। 66 वर्षीय पिता जयगोविंद उपाध्याय ने अपने इकलौते बेटे सौरभ और बहू मेनका को मुखाग्नि दी, जबकि दोनों मासूम पोतों व्योम (7) और शिवओम (डेढ़ साल) के शवों को नम आंखों से दफनाया गया। इससे पहले नीमसराय स्थित आवास से जब एक साथ चार अर्थियां उठीं, तो बुजुर्ग माता-पिता की चीख-पुकार सुनकर पूरे मोहल्ले की आंखें भर आईं।
चिता पर बेटे का चेहरा देख टूट गया पिता का सब्र
गुरुवार सुबह करीब सात बजे जैसे ही चारों शव प्रयागराज के नीमसराय स्थित घर पहुंचे, वहां कोहराम मच गया। अंतिम यात्रा के बाद रसूलाबाद घाट पर सबसे मार्मिक पल तब आया, जब पिता जयगोविंद उपाध्याय बेटे और बहू को मुखाग्नि देने के लिए आगे बढ़े। चिता पर लेटे बेटे का चेहरा देखते ही वह फूट-फूटकर रोने लगे और काफी देर तक चेहरे को निहारते रहे। परिजनों ने किसी तरह उन्हें संभाला, जिसके बाद उन्होंने मुखाग्नि की रस्म पूरी की। मुखाग्नि देने के बाद भी वह काफी देर तक चिताओं से कुछ दूरी पर बैठकर उन्हें एकटक निहारते रहे।
बुजुर्ग माता-पिता से छिपाकर रखा गया था हादसे का सच
दरअसल बुधवार दोपहर हरदोई के सांडी में गंगा एक्सप्रेस-वे पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में पूरे परिवार की मौत हो गई थी। मल्टीनेशनल कंपनी बार्कलेज में असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट सौरभ उपाध्याय (40) अपनी पत्नी मेनका (35) और दोनों बेटों के साथ एसयूवी कार से छठ पूजा मनाने प्रयागराज आ रहे थे। रास्ते में कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे चारों की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों को डर था कि 66 वर्षीय पिता जयगोविंद और 60 वर्षीय मां कुमुद उपाध्याय यह गहरा सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाएंगे, इसलिए बुधवार तक उनसे यह खबर छिपाए रखी गई। घर की दोनों बहनों ने भी तय किया था कि वे माता-पिता के सामने नहीं रोएंगी, लेकिन सुबह शवों को देखते ही सबका सब्र टूट गया।
रात में पोस्टमार्टम, सुबह घर पहुंचे शव
हादसे के बाद प्रशासन और डीएम की विशेष अनुमति से बुधवार रात में ही चारों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद देर रात शवों को प्रयागराज के लिए रवाना किया गया, जो गुरुवार सुबह घर पहुंचे। त्योहार की खुशियों के बीच हुए इस दर्दनाक अंत ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है।

अन्य समाचार