मुख्यपृष्ठनए समाचारराकांपा के विलय पर सुनेत्रा पवार ने बढ़ाया सस्पेंस... `समय आने पर...

राकांपा के विलय पर सुनेत्रा पवार ने बढ़ाया सस्पेंस… `समय आने पर होगा फैसला..!’

सामना संवाददाता / मुंबई

महाराष्ट्र की राजनीति में एनसीपी के दोनों दलों के संभावित विलय को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने इस मुद्दे पर चुप्पी तोड़ते हुए ऐसा बयान दिया है, जिसने भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति सरकार के राजनीतिक समीकरणों पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट संकेत दिया कि विलय को लेकर फैसला सार्वजनिक करने का अभी समय नहीं आया है। सुनेत्रा पवार ने कहा कि समय आने पर सभी बातें स्पष्ट हो जाएंगी।
सुनेत्रा का यह बयान ऐसे समय आया है, जब शरद पवार और उनके पार्टी के नेताओं से प्रफुल्ल पटेल तथा पार्थ पवार की मुलाकातों के बाद राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे भी दावा कर चुके हैं कि अजीत पवार जीवित होते तो दोनों गुटों का विलय फरवरी में ही हो गया होता। गौरतलब है कि अजीत पवार के निधन के बाद सुनेत्रा पवार ने दादा गुट की कमान संभाली और महायुति सरकार में उप मुख्यमंत्री बनीं। अब दोनों दलों के एक होने की संभावनाओं ने भाजपा के सियासी गणित को लेकर चर्चाएं बढ़ा दी हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी कह चुके हैं कि विलय का फैसला शरद पवार और सुनेत्रा पवार को ही करना है। ऐसे में सुनेत्रा का रहस्यमयी बयान महज राजनीतिक औपचारिकता नहीं, बल्कि महाराष्ट्र की सत्ता में आने वाले संभावित बदलावों का संकेत माना जा रहा है।
दादा गुट में `टूट’, २२ विधायक छोड़ेंगे साथ?
महाराष्ट्र की महायुति सरकार में शामिल अजीत पवार गुट में अंदरूनी कलह अब खुलकर सामने आने लगा है। उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाले दादा गुट में बड़ी टूट की आशंका जताई जा रही है। एक वरिष्ठ नेता के सनसनीखेज दावे के मुताबिक, पार्टी के २० से २२ विधायक सुनेत्रा पवार का साथ छोड़कर शरद पवार के पास मूल राष्ट्रवादी कांग्रेस में लौट सकते हैं। कुछ विधायक आगामी चुनाव से पहले दूसरे राजनीतिक दलों का दामन भी थाम सकते हैं। इस दावे ने महाराष्ट्र की राजनीति में खलबली मचा दी है।

अन्य समाचार