-सोनिया ने खोली सियासत की पुरानी फाइल
-२०११ के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन के पीछे भाजपा-आरएसएस की भूमिका पर उठाए सवाल
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
देश की राजनीति में १५ साल पुराना अन्ना हजारे का भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गया है। कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने अपनी नई आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग : अ जर्नी ऑफ लव’ में इस आंदोलन को लेकर ऐसा दावा किया है, जिसने भाजपा और कांग्रेस के बीच पुरानी राजनीतिक लड़ाई को फिर हवा दे दी है। सोनिया गांधी के मुताबिक, २०११ में अन्ना हजारे के नेतृत्व में शुरू हुआ भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन महज लोकपाल कानून की मांग तक सीमित नहीं था। उनका आरोप है कि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने पर्दे के पीछे से इस आंदोलन को समर्थन दिया था। इसके जरिए तत्कालीन मनमोहन सिंह सरकार के खिलाफ माहौल तैयार किया गया और कांग्रेस को सत्ता से बाहर करने की जमीन बनी। उन्होंने यह भी दावा किया कि इसी दौर में गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को राष्ट्रीय राजनीति में आगे लाने की तैयारी चल रही थी।
सोनिया गांधी के इन दावों पर अब अन्ना हजारे ने ही सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने भाजपा और संघ से किसी भी तरह का संबंध होने से इनकार करते हुए कहा कि उनका आंदोलन देश और समाज के हित में था, किसी राजनीतिक दल के लिए नहीं। उन्होंने यह भी पूछा कि उनके आंदोलन को २०१४ में यूपीए की हार का कारण बताने का आधार क्या है। सोनिया की किताब के दावे और अन्ना के पलटवार ने २०११ के आंदोलन की भूमिका पर नई बहस छेड़ दी है।
अन्ना हजारे ने दी सफाई
अन्ना हजारे ने साफ कहा कि उनका न तो बीजेपी से कोई संबंध है और न ही आरएसएस से। उन्होंने कहा कि वह किसी राजनीतिक पार्टी के बारे में नहीं सोचते। उनके लिए समाज और देश सबसे पहले हैं। इस दौरान अन्ना ने सोनिया गांधी को नसीहत देते हुए कहा कि देश के बारे में सोचिए और संकीर्ण नजरिया मत रखिए। अन्ना हजारे ने महाराष्ट्र के रालेगण सिद्धि में मीडिया से बात करते हुए कहा कि सोनिया गांधी का दावा गलत है। उनका बीजेपी या आरएसएस से कोई संबंध नहीं है। वह इन संगठनों के कार्यक्रमों में भी शामिल नहीं होते। उन्होंने कहा कि मैं जो कुछ भी करता हूं, वह समाज और देश के लिए करता हूं। मेरा किसी राजनीतिक पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है। मेरे लिए मेरा देश सबसे पहले है।
