सुनील ओसवाल / मुंबई
बॉलीवुड की चमक-दमक के पीछे अब खौफ का साया मंडराने लगा है। टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना और फिल्मी सितारों की रेकी किए जाने के खुलासे ने मुंबई पुलिस की नींद उड़ा दी है। गैंगस्टरों की धमकियों और संभावित हमलों की आशंका के बीच मुंबई पुलिस ने फिल्म इंडस्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। बड़े अभिनेताओं को साफ हिदायत दी गई है कि वे फिलहाल सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ के बीच जाने से बचें। अनजान प्रशंसकों के साथ सेल्फी लेने के लिए भीड़ में रुकना उनके लिए जोखिम भरा हो सकता है। बिना पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था वाले कार्यक्रमों से दूरी रखने की सलाह भी दी गई है।
टाइगर श्रॉफ पर फायिंरग के मामले की जांच में सामने आई जानकारी ने पुलिस को भी चौंका दिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों के निशाने पर सलमान खान, आमिर खान, अमिताभ बच्चन और अक्षय कुमार जैसे बड़े सितारे भी थे। इन अभिनेताओं की कड़ी सुरक्षा के कारण आरोपी अपने कथित मंसूबों को अंजाम नहीं दे सके। इसके बाद टाइगर श्रॉफ को अपेक्षाकृत आसान निशाना समझकर हमला करने की बात जांच में सामने आई। आरोपियों द्वारा कई फिल्मी हस्तियों के घरों के आसपास रेकी किए जाने की जानकारी भी मिली है।
बॉलीवुड में दहशत पैâलाने के लिए गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम का इस्तेमाल कर धमकियां देने के मामले भी सामने आए हैं। अमिताभ बच्चन के घर को ग्रेनेड से उड़ाने की धमकी के अलावा तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को भी धमकी मिलने की खबरें आई थीं। हालांकि, मुंबई पुलिस ने बेंगलुरु से आईटी इंजीनियर वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया। जांच में पता चला कि वह धमकी भरे ईमेल भेज रहा था, लेकिन उसका लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई संबंध नहीं था। लगातार फायिंरग, रेकी और धमकियों के घटनाक्रम ने फिल्म इंडस्ट्री की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस अब किसी भी धमकी को नजरअंदाज करने के पक्ष में नहीं है। सितारों की सुरक्षा के लिए सतर्कता बढ़ाई जा रही है। पुलिस की सलाह साफ है कि अजनबियों से दूरी रखें, भीड़ से बचें और निजी सुरक्षा में लापरवाही न बरतें। बॉलीवुड सितारों के लिए अब सार्वजनिक जगहों पर बेफिक्र होकर निकलना भी चुनौती बनता जा रहा है।
