अनिल मिश्र / पटना
लोक आस्था और सूर्योपासना का महापर्व छठ भारतीय संस्कृति की प्राचीन परंपरा का प्रतीक है। गया जिले में सूर्योपासना का इतिहास काफी पुराना रहा है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भगवान सूर्य की अनेक प्राचीन प्रतिमाएं मिली हैं। इसी कड़ी में टिकारी प्रखंड अंतर्गत मां तारा नगरी केसपा की भगवान सूर्य की प्रतिमा विशेष पुरातात्विक महत्व रखती है। इस संबंध में ग्रामीण सामाजिक कार्यकर्ता हिमांशु शेखर ने बताया कि प्राचीन काल से ही केसपा हिंदू एवं बौद्ध धर्मावलंबियों की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। मां तारा देवी मंदिर के लिए प्रसिद्ध इस गांव में अनेक ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक धरोहरें मौजूद हैं। भगवान सूर्य की यह प्रतिमा प्रमाणित करती है कि मगध के अन्य क्षेत्रों की तरह केसपा भी कभी सौर उपासना का महत्वपूर्ण केंद्र रहा होगा। प्रतिमा का निर्माण काल लगभग 9वीं सदी का उत्तरार्द्ध अथवा 10वीं सदी का पूर्वार्द्ध माना जाता है।काले पत्थर से निर्मित लगभग चार फीट ऊंची भगवान सूर्य की यह आदमकद प्रतिमा अपनी अद्भुत शिल्पकला और विशिष्ट बनावट के लिए आकर्षण का केंद्र है। प्रतिमा में भगवान सूर्य दोनों हाथों में खिले हुए कमल के पुष्प धारण किए हुए हैं। उनके दोनों ओर उड़ते हुए गंधर्व अंकित हैं। भगवान सूर्य के घुंघराले बाल कंधों तक लटके हुए हैं तथा सिर पर सुंदर नक्काशीदार मुकुट सुशोभित है। कानों में कर्णकुंडल और गले में कंठहार के साथ यज्ञोपवीत भी धारण किए हुए हैं।प्रतिमा की एक विशेष विशेषता उनकी वेशभूषा है। भगवान सूर्य ने पैरों तक चुस्त पायजामा, ऊपर कोट और पैरों में बूट धारण किए हुए हैं। सूर्य प्रतिमा के दाहिनी ओर पिंगल को कुछ पढ़ते हुए तथा बाईं ओर दंड को द्विभंग मुद्रा में दंड धारण किए खड़े दर्शाया गया है। प्रतिमा के साथ भगवान बुद्ध के पदचिह्न का अंकन इसे और भी विशिष्ट बनाता है। यह हिंदू एवं बौद्ध परंपराओं के ऐतिहासिक सांस्कृतिक संबंधों की पुष्टि करता है। हिंदू मान्यता के अनुसार, समस्त देवी-देवताओं में भगवान सूर्य ऐसे देवता हैं, जिनके भक्त प्रतिदिन प्रत्यक्ष दर्शन करते हैं। सूर्य ऊर्जा और जीवन का अक्षय स्रोत हैं। उनकी उपासना केवल हिंदू धर्म तक सीमित नहीं है, बल्कि विश्व की अनेक प्राचीन सभ्यताओं और धार्मिक परंपराओं में सूर्य को विशेष महत्व दिया गया है। इस ऐतिहासिक मंदिर में महान साहित्यकार एवं इतिहासकार राहुल सांकृत्यायन के भी दर्शन करने आने की बात स्थानीय लोगों द्वारा बताई जाती है। हजारों वर्षों की ऐतिहासिक यात्रा के बावजूद इस प्राचीन प्रतिमा की शिल्पकला और आभा आज भी लोगों को आकर्षित करती है। केसपा की यह प्राचीन सूर्य प्रतिमा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि मगध की समृद्ध कला, संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत की अमूल्य धरोहर है। हिमांशु शेखर ने सरकार से प्राचीन प्रतिमाओं के संरक्षण, पुरातात्विक अध्ययन और व्यापक प्रचार-प्रसार की मांग की है, ताकि इस ऐतिहासिक स्थल को पर्यटन के मानचित्र पर उचित पहचान मिल सके।
