-डाॅ. रवीन्द्र कुमार
यह है भाई विमलेश चंद्र की नवीनतम पुस्तक का नाम। भारतीय रेलवे भारत में सन 1853 से है यानि पिछले पौने दो सौ साल से रेल हमारे जन-मानस में रची-बसी है। आप निगाह दौड़ाएंगे तो कहीं ना कहीं आपके परिवार अथवा आपके सगे-संबंधी कोई न कोई रेलवे से जुड़ा जरूर मिल जाएगा। हम बचपन से ही खुद को रेल से जुड़ा पाते हैं। ‘मेरी प्रथम रेल यात्रा’ के निबंध से ले कर ‘रेलवे स्टेशन/प्लेटफॉर्म का दृश्य’ आदि आदि।
विमलेश जी रेलवे से संबंधी विभिन्न पहलुओं पर लगातार लिख रहे हैं। उनकी लिखीं आठ पुस्तकें और अनेकानेक लेख इसके प्रमाण हैं। उनकी नज़र वहाँ जाती हैं जहां आप और हम देख नहीं पाते। वे रेलवे के तरह-तरह के रंग-बिरंगे पहलुओं को उजागर करते हैं। पाठक इनकी रोचक लेखन शैली से तुरंत जुड़ जाता है। लगता है आप उनके साथ ही एक एडवेंचर यात्रा पर निकले हैं। आप उनकी नज़र से ही रेल और रेलवे स्टेशन को देखने लगते हैं।
जब बात पर्वतीय रेलवे की बात होती है तो साधारणतः हम ले दे कर शिमला अथवा कहीं और गए हों तो वह याद रहता है कारण कि उसी से हमारा परिचय होता है। इसमें भी अधिकतर सिनेमा के गीतों और दृश्यों के कारण। भाई विमलेश ने देश के समस्त पर्वतीय रेलवे को अपनी इस पुस्तक में समेटा है। पुस्तक पढ़ कर आपको लगता है अरे इतनी सारी जगहों पर बल्कि पर्वतीय क्षेत्रों को रेल जाती है। यह पुस्तक निश्चय ही आपकी नॉलेज में इजाफा करती है। कहीं आपको आपकी अगली पर्वतीय यात्रा पर जाने को प्रेरित भी करती है। पुस्तक पढ़ कर ही मुझे कितनी ही बातों का पता लगा। ऐसा लगता है कि इतना देख कर भी लगता है कि इतना कुछ छूट गया है। वो एक शेर है न:
सब कुछ जानकर ये जाना
कि कुछ भी न जाना…. !
विमलेश चंद्र जी की ये किताब सभी सैलानियों, पर्वत-प्रेमियों के लिए किसी उपहार से कम नहीं। लेखक के अपने चित्र इन स्टेशनों के नाम के बोर्ड के साथ पुस्तक को ऑथेंटिक बनाते हैं। एक प्रकार से आँखों देखा हाल है। न केवल रेलवे, बल्कि हिल-स्टेशन की भी विस्तृत जानकारी यह किताब आपको देती है। पुस्तक के कवर पर जहां “चल छैय्यां छैय्यां” फेम की ऊटी जाती ट्रेन है तो बैक कवर पर दार्जीलिंग हिल रेलवे की “मेरे सपनों की रानी” फेम की ट्रेन है। दोनों ही यूनेस्को से ‘हेरीटेज’ का दर्जा प्राप्त हैं। यह पुस्तक बेशकीमती है और संग्रहणीय है। कारण कि एक ही स्थान पर समस्त पहाड़ों की रेल या कहिए रेल के पहाड़ (वे पहाड़ जहां रेल से जाया जा सके) उपलब्ध है। 196 पृष्ठ की पुस्तक का मूल्य 450/- है। पुस्तक 30 से अधिक ब्लैक एंड वाईट चित्रों से सुसज्जित है। ब्लैक एंड वाईट चित्र इस किताब की खूबसूरती और बढ़ा देते हैं लगता है हम उसी शुरु की रेलवे के ‘ओल्ड सेट-अप’ में पहुँच गए हैं। पुस्तक अमेज़न/फ्लिपकार्ड पर उपलब्ध है।
