-स्कूल, अस्पताल और भूखंडों की बंदरबांट पर शिवसेना का हल्लाबोल
-भाजपा-शिंदे की अदृश्य शक्तियों के इशारे पर चल रहा खेल
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई की प्रमुख जगहों के भूखंड बेहद कौड़ियों के भाव निजी संस्थाओं की झोली में डाले जा रहे हैं। इस संबंध में कई प्रस्ताव लगातार सुधार समिति के सामने लाए जा रहे हैं और बहुमत के जोर पर मंजूर किए जा रहे हैं। इसके जरिए सत्ताधारियों ने आधी मुंबई बेचने के लिए निकाल दी है। इसमें स्कूल, अस्पताल, नर्सिंग कॉलेज से लेकर पुनर्विकास के कई प्रस्ताव शामिल हैं। इसके पीछे भाजपा-शिंदे गुट की अदृश्य शक्तियों का हाथ है। मुंबई की लूटपाट के इन प्रस्तावों का कड़ा विरोध करेंगे और इस साजिश को नाकाम करेंगे, ऐसा कड़ा प्रहार शिवसेना ने किया है।
महानगरपालिका में विपक्ष की नेता और शिवसेना की किशोरी पेडणेकर, सुधार समिति के सदस्य सचिन पडवल और उर्मिला पांचाल ने आज पत्रकार परिषद लेकर सत्ताधारियों की निजी बिल्डर-समर्थक नीतियों की आलोचना की। किशोरी पेडणेकर ने कहा, `इस बार की सुधार समिति में लगभग ९ से १० प्रस्ताव गलत तरीके से लाए गए हैं। सदस्य बताते हैं कि ये प्रस्ताव मुंबईकरों के अहित में हैं और इनमें कई खामियां हैं, लेकिन सत्ताधारी सुनने की मानसिकता में नहीं होते हैं। भाजपा और शिंदे गुट के कोल्डवॉर में मुंबईकर पिस रहे हैं। सवाल यह खड़ा हो गया है कि मुंबई का रखवाला कौन है?’ वहीं, सचिन पडवल ने आरोप लगाते हुए कहा, `कई बार प्रस्ताव `रेफर बैक’ (पुनर्विचार के लिए वापस) किए जाते हैं, लेकिन हाथ की सफाई से वे प्रस्ताव फिर से वापस लाए जाते हैं। कई बार उप-संशोधन पेश किए जाते हैं, लेकिन उपसचिव प्रियंका देसाई द्वारा इन उप-संशोधनों पर मतदान नहीं कराया जाता है।
