`जिनके मन में बालासाहेब के प्रति सच्चा प्रेम, निष्ठा और आदर है, बालासाहेब के विचार जिनके मन में सच्चे अर्थों में रचे-बसे हैं, ऐसे ही व्यक्ति के हाथों बालासाहेब के स्मृति दालान का लोकार्पण होगा। केवल कोई पद या कुर्सी पर है इसलिए वह बालासाहेब के स्मृति दालान का लोकार्पण करने के योग्य या लायक नहीं है।’
सामना संवाददाता / मुंबई
शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने कल केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर जोरदार हमला बोला। अजीत पवार के जीवित रहते उन पर ७० हजार करोड़ रुपए के कथित सिंचाई घोटाले के आरोप लगाकर उनका जीना मुहाल कर दिया गया था। उन्हीं अजीत दादा की प्रतिमा का अनावरण शाह के हाथों होना दुर्भाग्यपूर्ण है। अनावरण करने के बाद शाह को उनकी प्रतिमा के सामने नाक रगड़कर माफी मांगनी चाहिए थी। उन्हें यह कहना चाहिए था कि हमने आप पर जो आरोप लगाए थे, वे झूठे थे, आप महान थे’, ऐसा तीखा प्रहार उद्धव ठाकरे ने किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, `शाह ने कल दादा के जिस बड़प्पन का गुणगान किया, उसके दो शब्द भी अगर उन्होंने अजीत दादा के जीवनकाल में बोले होते तो उन्हें संतोष मिल जाता।’
हिंदूहृदयसम्राट शिवसेनाप्रमुख बालासाहेब ठाकरे के स्मृतिदिन के अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर के दौरान उद्धव ठाकरे ने पत्रकारों से बातचीत की। कोरोना काल में मुख्यमंत्री रहते हुए उद्धव ठाकरे फोन तक नहीं उठाते थे, ऐसा शाह ने कहा था। उनके इस बयान का कड़ा जवाब देते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा, `अमित शाह कितने दिनों बाद प्रकट हुए हैं? दिल्ली में जेन-जी पर अत्याचार होने पर वे लोकसभा में बाथरूम चले जाते थे, लेकिन सदन में नहीं आते थे। ऐसी गप्पें हांकने वाला है यह गृहमंत्री। अपने कार्यकाल में उन्होंने गप्पें हांकने के अलावा और कुछ नहीं किया,’ ऐसा उद्धव ठाकरे ने कहा।
अमित शाह लफ्फाज हैं
`अमित शाह के सत्ता से बाहर जाने का समय आ गया है, वे अभी भी मिली हुई इस स्थिति का लाभ उठा सकते हैं। उन्हें गप्पें हांकना छोड़कर देश के कामकाज पर ध्यान देना चाहिए। प्रशासन और भाजपा दोनों परस्पर विरोधी शब्द हैं, इसलिए ये सुधरेंगे ऐसा नहीं लगता’, ऐसा उद्धव ठाकरे ने कहा। अमित शाह को आड़े हाथों लेते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा `अमित शाह जो बोलते हैं वह कोई ब्रह्मवाक्य नहीं होता, वह किसी झूठे व्यक्ति का बयान होता है। इसलिए उनकी पार्टी के लोग भी उस पर ध्यान नहीं देते होंगे। ब्रह्मवाक्य अलग होता है और झूठ बोलने वाले का वाक्य अलग होता है।
बालासाहेब के स्मृति दालान के लिए जनता से अपील
उद्धव ठाकरे ने जनता से अपील करते हुए कहा, `बालासाहेब ठाकरे के स्मृति दालान का काम २३ जनवरी तक पूरा करने के प्रयास जारी हैं। जिसके पास भी बालासाहेब के लेख, भाषण, तस्वीरें, `मार्मिक’ के पुराने अंक या उनकी यादों से जुड़ी जो भी वस्तुएं हों, वे इस स्मृति दालान के लिए लाकर दें। इन वस्तुओं को स्मृति दालान में सहेजकर रखा जाएगा।’
गप्पें हांकने से बेहतर है कि शाह मणिपुर जाएं!
शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मणिपुर जाने के बजाय वे केवल बयानबाजी कर रहे हैं। उद्धव ठाकरे ने कहा कि गप्पें हांकने के बजाय अमित शाह को मणिपुर जाना चाहिए। अरुणाचल प्रदेश के लोग आक्रोश में हैं। यदि उन्हें गृहमंत्री होने का अहसास है तो उन्हें वहां की सैन्य छावनी में जाकर बैठना चाहिए, सैनिकों का मनोबल बढ़ाना चाहिए, चीन के खिलाफ सेना के साथ खड़े होकर लड़ने वाले देशवासियों और अरुणाचल प्रदेश के नागरिकों का हौसला बुलंद करना चाहिए। लेकिन गप्पें हांकने वाले व्यक्ति के हाथों में देश की बागडोर है। इसलिए अब रेजिम बदलने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है, उद्धव ठाकरे ने इसतरह खरी-खरी सुनाई।
शाह जैसे बुद्धिहीनों के सामने बोलना यानी `भैंस के आगे बीन बजाना’
उद्धव ठाकरे ने इस दौरान एक वीडियो क्लिप का हवाला दिया। उन्होंने कहा, `कोरोना काल में महाराष्ट्र के तत्कालीन मुख्यमंत्री द्वारा किए गए कार्यों का उस क्लिप में उल्लेख है। उस समय मैं मुख्यमंत्री था। अलबत्ता, उस सफलता का श्रेय पूरी सरकारी मशीनरी को जाता है। लेकिन शाह जैसे निर्बुद्ध व्यक्ति को यह समझाना यानी `भैंस के आगे बीन बजाने’ जैसा है। गीता पढ़कर सुना भी दी जाए तो गदहे को क्या समझ आएगा?’ ऐसी करारी चपत उद्धव ठाकरे ने लगाई।
ये ढोंगी लोग जल्द से जल्द सत्ता से बाहर होने चाहिए!
उद्धव ठाकरे ने पलटवार करते हुए कहा, `कोरोना काल में मैंने फोन नहीं उठाए, ऐसा शाह कहते हैं। यदि उनकी बात सच होती तो उस समय उत्तर प्रदेश में जैसे गंगा में शव तैरते हुए मिले, शाह के गुजरात में जैसी सार्वजनिक जगहों पर चिताएं जलती हुई दिखाई दीं, वैसा ही नजारा महाराष्ट्र में भी दिखाई देता।’
उद्धव ठाकरे ने आगे कहा, `महाराष्ट्र में धारावी समेत सभी जगहों पर पूरी मशीनरी प्रभावी ढंग से काम कर रही थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के थाली बजाने से जो हासिल नहीं हुआ, वह महाराष्ट्र ने अपने काम से करके दिखाया था। इसलिए अमित शाह का यह सारा ढोंग है। ऐसे ढोंगी लोगों को जल्द से जल्द बदल देना चाहिए।’
उत्तर भारतीयों को कोरोना काल में हुई दुर्दशा चुनावों में नहीं भूलनी चाहिए
उत्तर प्रदेश के आगामी चुनावों के मद्देनजर उद्धव ठाकरे ने वहां के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा, `मुंबई में काम करने वाले कई उत्तर भारतीय मजदूर कोरोना काल में अपने गांव लौट गए थे। हालांकि, वहां पहुंचने के बाद उनकी बुरी हालत हुई थी। इसलिए वे गुस्से में थे। मुंबई में रहते हुए हमारी व्यवस्था इससे कहीं बेहतर थी, ऐसा उनका कहना था। उत्तर प्रदेश लौटने पर जो उनकी दुर्दशा हुई, उसे ये लोग भूले नहीं होंगे और इन्हें भूलना भी नहीं चाहिए।’
जेन-जी पर अत्याचार हुए तब शाह की जुबान क्यों नहीं खुली?
`दिल्ली में आंदोलन के दौरान जेन-जी युवाओं पर कीलों से जड़े डंडों से लाठीचार्ज किया गया था। उन पर आंसू गैस और पैलेट गन से छर्रे दागे गए थे। जब लोकसभा में विपक्षी दल इसका जवाब मांग रहा था, तब अमित शाह लोकसभा के बाथरूम में जाकर बैठ जाते थे। सदन में नहीं आते थे। अब उन्हें जो बोलने की फुर्सत मिली है…’
रोहित पवार के सवालों में कुछ भी गलत नहीं है!
अजीत पवार के विमान दुर्घटना मामले में रोहित पवार द्वारा उठाए गए सवाल पूरी तरह सही हैं, ऐसा उद्धव ठाकरे ने कहा। `अजीत दादा का जिस विमान दुर्घटना में निधन हुआ, उस विमान कंपनी पर कोई कार्रवाई होती नहीं दिख रही है। इसलिए रोहित पवार जो सवाल उठा रहे हैं, उसे गलत मानने की कोई वजह नहीं है। यदि रोहित पवार की कुछ शंकाएं हैं या उनके पास कुछ सबूत हैं, तो शाह को उनके फोन उठाने चाहिए,’ ऐसा उद्धव ठाकरे ने कहा।
