मुख्यपृष्ठसंपादकीयसंपादकीय : हताशभाई शाह!

संपादकीय : हताशभाई शाह!

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दो दिनों के लिए पुणे में थे। इस दौरान पुणे के विभिन्न कार्यक्रमों के सिलसिले में शाह द्वारा दिए गए भाषण और बयान हास्यास्पद साबित हुए हैं। पुणे, पिंपरी वगैरह शहर समझदार, विद्वानों और क्रांतिकारियों के रूप में जाने जाते हैं, देश के गृहमंत्री को इस बात का विस्मरण हो गया है, यह बात उन्होंने पुणे में जो अनाप-शनाप बातें कहीं, उससे स्पष्ट हो जाती है। शाह ने पुणे में अजीत पवार के पुतले का अनावरण किया। अजीत पवार का पुतला देखकर वे भावुक हो गए, तो उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार की आंखों से आंसू छलक आए, ऐसा समाचार चैनलों पर बताया गया। अजीत पवार के पुतले का अनावरण करने के लिए शाह से अधिक उपयुक्त व्यक्ति की तलाश की जानी चाहिए थी, ऐसा अजीत पवार के प्रशंसकों का कहना था। शाह द्वारा अपने पुतले का किया गया अनावरण अजीत दादा की आत्मा को भी पसंद नहीं आया होगा। ये वही अमित शाह हैं, जिन्होंने फडणवीस की मदद से अजीत दादा का मानसिक, राजनीतिक और भावनात्मक उत्पीड़न किया था। अजीत पवार के पीछे ईडी और सीबीआई जैसी जांच एजेंसियों का शिकंजा कसा। उनके चीनी कारखानों पर जब्ती की कार्रवाई की। उन्हें गिरफ्तारी का डर दिखाकर पवार परिवार में फूट डाली। पार्टी छोड़ने पर मजबूर किया। प्रधानमंत्री मोदी ने भी दादा पर ७० हजार करोड़ रुपये के सिंचाई घोटाले का आरोप लगाकर सनसनी पैâला दी थी। इस तरह बेबुनियाद आरोप लगाकर किसी की बदनामी करना क्या प्रधानमंत्री पद पर आसीन व्यक्ति को शोभा देता है? अब अमित शाह ने दादा की मृत्यु के बाद उनका गुणगान किया और उनके पुतले का अनावरण भी किया, जो दादा के शुभचिंतकों को रास नहीं आया होगा। दादा के पुतले का अनावरण करने से पहले भाजपा को दादा पर लगाए गए अपने आरोपों के लिए कम से कम माफी तो मांगनी चाहिए थी। `शाह-मोदी माफी मांगो’ ऐसी मांग सुनेत्रा पवार, पार्थ पवार आदि को करने में कोई गुरेज नहीं होना चाहिए था, लेकिन दादा की हुई घेराबंदी को वैसा ही छोड़कर उनका परिवार भी शाह के कुनबे में जा मिला। दादा को भाजपा के साथ जाने का मानसिक कष्ट होता था। भाजपा के लोग सीधे रास्ते पर चलने वाले नहीं हैं, वे कपटी हैं, यह बात दादा समझ चुके थे और वे वापस लौटने की मन:स्थिति में थे ही कि तभी एक रहस्यमय दुर्घटना में उनकी मृत्यु हो गई। उनकी
मौत की ठीक से जांच तक
शाह ने नहीं कराई। रोहित पवार ने इस संदेहास्पद मामले में आवाज उठाई, लेकिन शाह ने कुछ नहीं किया। यहां तक कि एक साधारण एफआईआर भी दर्ज नहीं हुई। ऐसे अमित शाह से दादा के पुतले का अनावरण करवाना कतई उचित नहीं था। दादा आम जनता के नायक थे। किसी सामान्य किसान के हाथों भी दादा के पुतले का अनावरण करवाया गया होता तो भी चलता। अब शाह ने उसका अनावरण किया, इसलिए उस पुतले को भी यही लगता होगा कि जिस व्यक्ति से मैं बचता फिर रहा था, आज वही मेरे अनावरण के लिए आ गया। इससे पहले `पिंपरी’ के एक कार्यक्रम में शाह ने कहा, `बदनामी करके सत्ता हासिल करना असंभव है।’ ऐसा बयान देते वक्त शाह को अपने सामने एक आईना रखना चाहिए था। २०१४ का लोकसभा चुनाव प्रधानमंत्री मोदी ने मनमोहन सिंह, सोनिया गांधी और कांग्रेस की बदनामी करके ही जीता था। झूठ बोलना, अफवाहें फैलाना और किसी की बदनामी करना, यही मोदी-शाह के मुख्य हथियार हैं। वे इन्हीं हथियारों का इस्तेमाल करते हैं। अजीत पवार की झूठी तारीफ करते हुए शाह ने पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की बदनामी की। `कोरोना काल में उद्धव ठाकरे ने कुछ काम नहीं किया और केवल अजीत पवार ही काम कर रहे थे’, शाह का यह बयान उनकी ईर्ष्या और कुंठा को दर्शाता है। मुख्यमंत्री के रूप में उद्धव ठाकरे ने कोरोना काल में जो कार्य किए, उनकी वैश्विक स्तर पर सराहना की गई। उत्तर प्रदेश में कोरोना के दौरान सैकड़ों शवों को गंगा में फेंककर मुख्यमंत्री योगी अपनी `कर्तव्यपरायणता’ का परिचय दे रहे थे। गुजरात के श्मशानों में जब दो-दो दिनों तक अंतिम संस्कार के लिए कतारें लगी थीं, तब ये मोदी-शाह `लॉकडाउन’ लगाकर एक तरह से भूमिगत हो गए थे। महाराष्ट्र को बचाने का काम तत्कालीन मुख्यमंत्री ठाकरे ने किया था, लेकिन उनकी बदनामी करके अपनी खुजली मिटाना भाजपा वालों का पुराना धंधा है। बदनामी के सहारे ही भाजपा ने सत्ता के महल खड़े किए हैं। अब जब वे महल ढहने के कगार पर हैं, तब वे दूसरों को उपदेश दे रहे हैं। अमित शाह, मोदी और उनका यह गिरोह
वैचारिक दरिद्रता के मुकुटमणि
हैं। वे पूरी तरह से व्यापारी प्रवृत्ति के हैं। पैसे कमाने के लिए उन्होंने देश की सार्वजनिक संपत्ति अपने चहेते उद्योगपति को बेच दी। शाह अपने गले तक भरे हुए पेट सहलाते हुए पुणे में कहते हैं, `कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में १२ लाख करोड़ के घोटाले किए और भ्रष्टाचार के आरोपों की वजह से जनता ने उन्हें सत्ता से बाहर कर दिया।’ शाह की बात एक पल के लिए मान लेते हैं, लेकिन जिनके नाम पर ये अधिकांश घोटाले दर्ज हैं, वे सभी `रत्न’ आज शाह की गोद और छाती से चिपके हुए हैं। भाजपा की एक वॉशिंग मशीन है, जिसमें सभी भ्रष्ट और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को डाला जाता है और उन्हें क्लीन चिट देकर भाजपा में शामिल कर लिया जाता है। इस पर शाह का क्या कहना है? सच्चाई यह है कि अंग्रेजों ने डेढ़ सौ वर्षों में भारत को जितना नहीं लूटा होगा, उससे कहीं अधिक मोदी-शाह के शासनकाल ने पिछले दस वर्षों में देश को लूटा है। हर तरफ भ्रष्टाचार का ही साम्राज्य है। अयोध्या में राममंदिर के चंदे और दानपात्रों तक को लूटने से इन्होंने गुरेज नहीं किया। फिर उन्हीं भ्रष्ट हाथों से ये लोग अयोध्या में दीपोत्सव मनाते हैं। पूरी मुंबई इन्होंने अडानी, कंबोज और आनंद पंडित, इन तीन बिल्डरों के हवाले कर दी। इस तरह लाखों-करोड़ों रुपए गटकने वाले ये लोग आज भी कांग्रेस के भ्रष्टाचार पर बात करते हैं, यह एक बड़ा विडंबना है। हाल ही में मुंबई महानगरपालिका भाजपा के अधिकार में आई, लेकिन कम समय में ही इन्होंने वहां भ्रष्टाचार का पहाड़ खड़ा कर दिया। जब इस पर कोई बात करता है, तो वे कहते हैं कि इससे हमारी बदनामी होती है और उनका तर्क होता है कि उनके भ्रष्टाचार को उजागर करना देश की भी बदनामी है। शाह पुणे की भारत फोर्ज कंपनी गए। वहां बन रही राइफल का जायजा लिया। उन्होंने बंदूक हाथ में लेकर निशाना साधा। शाह का वह `पोज’ देखकर कई लोगों को लॉरेन्स बिश्नोई की याद आ गई, क्योंकि शाह ने देश की स्थिति ठीक ऐसी ही बनाकर रख दी है। शाह कहते हैं कि लगातार हार की वजह से कांग्रेस पार्टी हताश हो गई है। शाह का यह बयान उनकी अपनी कुंठा और हताशा का लक्षण है। राहुल गांधी ने शाह गिरोह की `वोट चोरी’ का पर्दाफाश करके २०२९ की उनकी जीत के रथ को ब्रेक लगा दिया है, जिससे शाह की हताशा चरम पर पहुंच गई है। पुणे में उनका व्यवहार एक हताश और निराश मंत्री जैसा ही था। ऐसे व्यक्ति के हाथों में देश की बागडोर होना खतरनाक है।

अन्य समाचार