मुख्यपृष्ठनए समाचारचार साल की देरी, लागत में ९,७१३ करोड़ रुपये की उछाल!

चार साल की देरी, लागत में ९,७१३ करोड़ रुपये की उछाल!

-मेट्रो लाइन-५ की पहली ट्रेन कशेली डिपो पहुंची

– २७ हेक्टेयर के डिपो में अभी अस्थायी निरीक्षण व्यवस्था
– ठाणे-भिवंडी के यात्रियों को पहले चरण के लिए करना होगा इंतजार

जेदवी / मुंबई

मुंबई महानगर क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मेट्रो लाइन-५ (ठाणे-भिवंडी-कल्याण) की पहली ट्रेन एमएमआरडीए के कशेली डिपो में पहुंच गई है। इसे परियोजना की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया जा रहा है, लेकिन चार साल से अधिक की देरी, लगातार बढ़ती लागत और अधूरे डिपो ने इस उपलब्धि के साथ कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं। ट्रेन तो पहुंच गई, लेकिन यात्रियों को मेट्रो में सफर करने के लिए अभी इंतजार करना पड़ेगा।
२७ हेक्टेयर में फैले कशेली डिपो में करीब ३० मेट्रो ट्रेन संचों को रखने की क्षमता विकसित की जा रही है। यहां पांच निरीक्षण लाइनें, चार कार्यशाला लाइनें, समर्पित परीक्षण मार्ग और ट्रेन धुलाई की सुविधाएं प्रस्तावित हैं। फिलहाल कोच चढ़ाने-उतारने का स्टैंड और अस्थायी निरीक्षण केंद्र तैयार हुआ है। डिपो का बाकी निर्माण कार्य जारी है। समुद्री चिकनी मिट्टी वाली जमीन के कारण आईआईटी मुंबई की मदद से विशेष भू-सुधार तकनीक भी अपनानी पड़ी है।
अक्टूबर २०१७ में मंजूर इस परियोजना का मूल लक्ष्य मार्च २०२२ तक निर्माण पूरा करना था। सितंबर २०१९ में सिविल कार्य शुरू हुआ, लेकिन भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास संबंधी विरोध, सड़क और फ्लाईओवर से टकराव तथा मार्ग में बदलाव के कारण काम प्रभावित होता रहा। इसका खामियाजा ठाणे, भिवंडी और कल्याण के यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। आज भी हजारों यात्रियों को सड़क यातायात और भीड़भाड़ वाली लोकल ट्रेनों पर निर्भर रहना पड़ता है।
मूल २४.९० किलोमीटर की परियोजना की अनुमानित लागत ८,४१६.५१ करोड़ रुपये थी। संशोधित और उल्हासनगर तक विस्तारित ३४.२१ किलोमीटर के नेटवर्क की लागत अब करीब १८,१३१ करोड़ रुपये हो गई है। यानी लगभग ९,७१४ करोड़ रुपये की बढ़ोतरी।

अन्य समाचार