मुख्यपृष्ठनए समाचारउल्हासनगर में आवारा कुत्तों का आतंक!

उल्हासनगर में आवारा कुत्तों का आतंक!

 – हर साल २० हजार नागरिक बन रहे कुत्तों के शिकार
– बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर खतरा

सामना संवाददाता / उल्हासनगर

उल्हासनगर शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या और उनके हमलों ने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। शहर की मुख्य सड़कों, चौराहों और रिहायशी इलाकों में कुत्तों के झुंड के कारण बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कुत्तों के काटने और वाहनों का पीछा करने की घटनाओं से दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, शहर में करीब १६ हजार आवारा कुत्ते हैं और हर साल १५ से २० हजार नागरिक उनके काटने का शिकार होते हैं। इसके बावजूद आवारा कुत्तों के नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान की प्रभावशीलता पर सवाल उठ रहे हैं।
नगरसेवकों का आरोप है कि कुत्तों के टीकाकरण और कृमिनाशक अभियान को अपेक्षित गति नहीं मिल रही है। कई बार प्रशासन के सामने यह समस्या उठाने के बावजूद स्थिति में खास सुधार नहीं हुआ है। इस मुद्दे पर पार्षद शंकर (शेरी) लुंड और राजेश वानखेड़े ने २० नवंबर को होने वाली आमसभा में प्राथमिकता से चर्चा कराने की मांग की है।
प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग
पार्षदों ने प्रत्येक वार्ड में अलग डॉग हेल्पलाइन शुरू करने, पिंजरे वाली गाड़ियों के साथ विशेष टीम तैनात करने और शिकायत मिलने के दो घंटे के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का प्रस्ताव रखा है। साथ ही कुत्तों के हमले में घायल नागरिकों को मनपा की ओर से मुफ्त चिकित्सा सुविधा देने तथा खुले में मांस-मछली का कचरा फेंकने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की मांग की गई है।
इससे पहले भी आयुक्त ने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया था। अब २० नवंबर की आमसभा में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि प्रशासन समस्या के समाधान के लिए क्या ठोस कदम उठाता है।

अन्य समाचार