अरुण कुमार गुप्ता
देश की राजधानी दिल्ली हर साल सर्दियों में जहरीली हवा की गिरफ्त में आ जाती है। प्रदूषण से निपटने के लिए कभी निर्माण कार्यों पर रोक, कभी वाहनों पर पाबंदी तो कभी कृत्रिम उपायों का सहारा लिया जाता है। अब दिल्ली की भाजपा सरकार प्रदूषण के खिलाफ लड़ाई में विश्व बैंक के साथ बातचीत कर क्षेत्रीय रणनीति बनाने की तैयारी कर रही है। सवाल यह है कि आखिर राजधानी की हवा साफ करने के लिए सरकार की अब तक की तैयारियां कितनी कारगर साबित हुई हैं? रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली सरकार विश्व बैंक के साथ ऐसी रणनीति पर बातचीत कर रही है, जिसमें हरियाणा और उत्तर प्रदेश समेत पड़ोसी राज्यों को भी प्रदूषण नियंत्रण अभियान में शामिल किया जाएगा। इसके तहत केवल दिल्ली के भीतर ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र में प्रदूषण पैâलाने वाले स्रोतों पर एक साथ कार्रवाई की योजना है। विश्व बैंक की एक प्रस्तुति के मुताबिक, दिल्ली में प्रदूषण की कुल मात्रा के एक चौथाई से भी कम हिस्से पर शहर का सीधा नियंत्रण है। यानी राजधानी की हवा को साफ करने के लिए आसपास के राज्यों की भूमिका भी अहम है। यह तर्क अपनी जगह सही है, लेकिन सवाल यह है कि दिल्ली में वाहन प्रदूषण, निर्माण की धूल, कचरा प्रबंधन और औद्योगिक उत्सर्जन पर अब तक कितनी प्रभावी कार्रवाई हुई?
यमुना की सफाई के दावों की खुली पोल!
दिल्ली की यमुना को साफ करने के बड़े-बड़े दावे करने वाली भाजपा सरकार के सामने नदी की हकीकत ने एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। छठ महापर्व के दौरान कालिंदी कुंज में यमुना की सतह पर तैरते सफेद जहरीले झाग ने सरकार के सफाई अभियान की तस्वीर उजागर कर दी। जिस नदी के किनारे लाखों श्रद्धालु आस्था का अर्घ्य देने पहुंचे, उसी नदी में व्रतियों को प्रदूषित पानी और झाग के बीच खड़े होकर पूजा करनी पड़ी। आम आदमी पार्टी ने इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि यमुना की सफाई के नाम पर करोड़ों रुपये प्रचार और जनसंपर्क में खर्च किए जा रहे हैं, जबकि जमीन पर नदी की हालत नहीं सुधरी है। दिल्ली में आप के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने मुख्यमंत्री को चुनौती दी कि यदि यमुना वास्तव में साफ हो चुकी है तो वे कालिंदी कुंज में नदी का एक लीटर पानी पीकर दिखाएं। उन्होंने नदी में हजारों मछलियों की मौत और पानी पर जमे झाग को भी सरकार के दावों पर सवाल बताया। सबसे गंभीर बात यह है कि छठ के दौरान दिल्ली जल बोर्ड और सिंचाई विभाग की टीमें झाग कम करने के लिए नदी में रासायनिक झागरोधी पदार्थ का छिड़काव करती दिखाई दीं। यानी स्थायी सफाई के दावों के बीच त्योहार के समय झाग हटाने की अस्थायी कवायद भी जारी रही, लेकिन सवाल सिर्फ यह नहीं है कि पिछली सरकारों ने क्या किया और वर्तमान सरकार क्या कर रही है। सवाल यह है कि दिल्ली की जीवनरेखा कही जाने वाली यमुना आखिर कब साफ होगी? श्रद्धालुओं की आस्था, आम लोगों की सेहत और पर्यावरण को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के हवाले कब तक छोड़ा जाएगा?
