अरुण कुमार गुप्ता
बिहार जब बाढ़ की तबाही से जूझ रहा था, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे का इंतजार होता रहा। अब वही प्रधानमंत्री २१ नवंबर को वैशाली पहुंचकर विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और जनसभा करने वाले हैं। इस दौरे को लेकर विपक्ष ने केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री को उद्घाटन के लिए नहीं, बल्कि सितंबर में बाढ़ से तबाह बिहार का हाल जानने आना चाहिए था। दरअसल, सितंबर में बिहार के कई जिले बाढ़ की चपेट में थे। लाखों लोग प्रभावित हुए, घर-बार उजड़े और किसानों की फसलें बर्बाद हुर्इं। आरजेडी का आरोप था कि केंद्र सरकार ने प्रभावित परिवारों की मदद के लिए अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई। तेजस्वी ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने और बिहार को पांच हजार करोड़ रुपये की तत्काल सहायता देने की मांग भी की थी। अब २१ नवंबर को प्रधानमंत्री वैशाली में छह लेन के कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का उद्घाटन करेंगे। साथ ही औद्योगिक परियोजनाओं से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। एनडीए सरकार इसे विकास की बड़ी उपलब्धि के रूप में पेश करने की तैयारी में है।
मुश्किल में मैथिली ठाकुर!
बिहार की भाजपा विधायक और लोकगायिका मैथिली ठाकुर विवादों में घिर गई हैं। दरभंगा के पोखरभिंडा गांव में उनके पिता रमेश ठाकुर पर सरकारी सड़क और ग्रामीणों की निजी जमीन पर अतिक्रमण करने के आरोप लगे हैं। मामला इतना बढ़ा कि ग्रामीणों ने अंचल अधिकारी से लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय तक शिकायत पहुंचाई। शिकायत के बाद प्रशासन ने मौके पर जमीन की मापी कराई। जांच में सरकारी सड़क के एक हिस्से पर अतिक्रमण की पुष्टि हुई। इसके बाद प्रशासन ने सड़क पर किए गए निर्माण और डिवाइडर को हटवाकर रास्ता खुलवाया। हालांकि, निजी जमीन पर कब्जे के आरोपों की जांच अभी बाकी है। इस विवाद ने भाजपा को विपक्ष के निशाने पर ला दिया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी गठबंधन के नेता जनता की जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी जवाब मांगा। तेज प्रताप यादव ने मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
कुर्सी और कुनबे की खींचतान उजागर!
बिहार में सत्ता में साझेदार भाजपा और जदयू के बीच सबकुछ ठीक होने का दावा भले किया जा रहा हो, लेकिन हालिया विधान परिषद चुनावों ने गठबंधन की अंदरूनी दरारें उजागर कर दी हैं। जदयू उम्मीदवारों की हार और दो निर्दलीय एमएलसी के भाजपा के करीब जाने से दोनों दलों के बीच नाराजगी बढ़ी। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की २१ नवंबर को वैशाली में प्रस्तावित रैली से पहले एनडीए के नेता एकजुटता दिखाने में जुटे हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास पर गठबंधन के नेताओं की बैठक हुई। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने दावा किया कि एनडीए के पांचों घटक दलों में कोई विवाद नहीं है। लेकिन सवाल यह है कि अगर सबकुछ ठीक है तो जदयू नेताओं ने चुनावी हार के बाद भाजपा पर सहयोग नहीं करने के आरोप क्यों लगाए? दो निर्दलीय एमएलसी को लेकर नाराजगी क्यों सामने आई? मोदी की रैली में मंच साझा करने से भले एकता की तस्वीर बन जाए, लेकिन क्या भाजपा और जदयू के बीच भरोसे की दरार भी भर जाएगी? बिहार की जनता को राजनीतिक तस्वीर नहीं, सरकार के कामकाज का जवाब चाहिए।
