मुख्यपृष्ठसमाचारदहिसर निवासी शख्स के शरीर से निकली 20 सेंटीमीटर लंबी बोतल

दहिसर निवासी शख्स के शरीर से निकली 20 सेंटीमीटर लंबी बोतल

-घटना में 24 वर्षीय युवक की हो सकती थी मौत

-2 घंटे ऑपरेशन कर बचाई गई जान

दृप्ति झा / मुंबई

आर्थिक राजधानी मुंबई में एक बेहद दुर्लभ और हैरान कर देने वाला चिकित्सकीय मामला सामने आया है। दहिसर के एक अस्पताल में डॉक्टरों ने देर रात आपातकालीन ऑपरेशन कर एक 24 वर्षीय युवक के शरीर के भीतर फंसी 20 सेंटीमीटर लंबी बोतल को बाहर निकाला। समय रहते किए गए इस जटिल ऑपरेशन के कारण मरीज की जान सुरक्षित रही। बता दें कि मरीज को गुदा क्षेत्र में असहनीय और तेज दर्द की शिकायत थी। डॉक्टरों ने जब उसकी प्रारंभिक जांच की, तो उन्हें शरीर के भीतर किसी बड़ी बाहरी वस्तु के फंसे होने का गहरा संदेह हुआ। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने बिना वक्त गंवाए तत्काल एक्स-रे और अन्य चिकित्सकीय परीक्षण शुरू कर दिए।
बेहद जटिल था ऑपरेशन
इस चुनौतीपूर्ण मामले की जिम्मेदारी एंडोस्कोपिक, लैप्रोस्कोपिक एवं जनरल सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. अवि शाह और उनकी टीम को सौंपी गई। जांच में यह साफ हो चुका था कि बोतल का आकार काफी बड़ा है और इसे बिना सर्जरी के प्राकृतिक रूप से या सामान्य तरीके से बाहर निकालना नामुमकिन था। डॉ. अवि शाह, सर्जन, का कहना है कि बोतल गुदा स्फिंक्टर को पार कर काफी आगे चली गई थी। इस वजह से इसका प्राकृतिक रूप से बाहर आना असंभव था। यदि ऑपरेशन में थोड़ी भी देरी होती, तो मरीज के शरीर के आंतरिक अंगों को गंभीर नुकसान पहुंच सकता था।
डॉक्टरों के अनुसार, पूछताछ के दौरान मरीज ने बताया कि तरल पदार्थ से भरी एक बोतल उसके शरीर के भीतर फंस गई थी। चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार, इस प्रकार के मामलों में यदि समय पर उपचार न मिले तो आंत में छेद होना, आंतरिक रक्तस्राव, संक्रमण और आसपास के ऊतकों को गंभीर क्षति जैसी जानलेवा स्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। इस बीच, मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दे दी गई है और एक मेडिको-लीगल केस भी दर्ज किया गया है।

अन्य समाचार