भूकंप से तबाह वेनेजुएला में चारों तरफ मौत और विनाश के बीच एक चमत्कारिक घटना ने लोगों को उम्मीद से भर दिया। ला गुआइरा शहर में ढही इमारत के मलबे से बचावकर्मियों ने महज १८ दिन के एक नवजात बच्चे को जीवित बाहर निकाला। बच्चा करीब ३२ घंटे तक मलबे के नीचे दबा रहा था। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में बचावकर्मी रात के अंधेरे में रोशनी के सहारे मलबा हटाते दिखाई देते हैं। कुछ देर बाद कपड़े में लिपटे नवजात को सावधानी से बाहर निकाला जाता है। बच्चे के सुरक्षित निकलते ही वहां मौजूद लोग तालियां बजाने और खुशी से नारे लगाने लगते हैं। इसके बाद बच्चे को उसके पिता को सौंप दिया गया। पिता ने उसे सीने से लगा लिया तो बचावकर्मी भी भावुक हो उठे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बच्चा सुरक्षित है और उसे चिकित्सकीय जांच के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वेनेजुएला में २४ जून को केवल कुछ सेकंड के अंतराल पर ७.२ और ७.५ तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंप आए थे। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने भी दोनों भूकंपों की पुष्टि की है। इनका केंद्र उत्तरी वेनेजुएला में युमारे और सैन फेलिपे के पास बताया गया। भूकंपों से राजधानी काराकास और तटीय राज्य ला गुआइरा समेत कई इलाकों में बड़ी संख्या में इमारतें ढह गईं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, मृतकों की संख्या १,४०० के पार पहुंच चुकी है, जबकि हजारों लोग घायल और बड़ी संख्या में लोग अब भी लापता हैं।
