मुख्यपृष्ठनए समाचार कर्नाटक के कारोबारी को काशीमीरा में बनाया बंधक ...क्राइम ब्रांच ने मुख्य...

 कर्नाटक के कारोबारी को काशीमीरा में बनाया बंधक …क्राइम ब्रांच ने मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार … अपराध को अंजाम देने के लिए इंटरनेशनल सिम का करते थे उपयोग

-पिस्टल की नोक पर खाते से ट्रांसफर कराए थे रु. २.१७ करोड़
सुरेश गोलानी / भायंदर
कर्नाटक के एक कारोबारी को धोखे से मुंबई बुलाकर काशीमीरा स्थित होटल में बंधक बनाकर पिस्टल की नोक पर खाते से २.१७ करोड़ रुपए ट्रांसफर करने के सनसनीखेज मामले में मीरा भायंदर -वसई विरार पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट (जोन १) ने मुख्य आरोपी को नई मुंबई से गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। आरोपी की पहचान ४० वर्षीय अंकित बापू ठोंबरे के रूप में हुई है, जो डोंबिवली के मानपाड़ा इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। अंकित को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसके दो साथी अब भी फरार हैंै।
शिकायतकर्ता शमंत कुमार करडेर कर्नाटक राज्य के शिमोगा जिले में स्थित कृषि-केंद्रित कंपनी के संचालक हैं। करडेर को पिछले महीने अंकित नामक व्यक्ति ने संपर्क किया और उनकी कंपनी में निवेश करने का प्रपोजल रखा। निवेश की औपचारिकता पूरा करने का झांसा देकर कारोबारी को मुंबई बुलाया गया। १५ दिसंबर को मुंबई पहुंचने के बाद करडेर को काशीमीरा स्थित एक होटल का लोकेशन भेजा गया जहां पहुंचने पर उनकी मुलाकात अंकित के अलावा दो और लोगों से हुई। बिजनेस प्लान के बारे में चर्चा करने के बाद बदमाशों ने शिकायतकर्ता से पिस्टल और चाकू की नोक पर जबरन बैंक डिटेल्स, नेट बैंकिंग आईडी, पासवर्ड, आधार कार्ड और मोबाइल फोन छीनकर दो दिनों तक होटल के कमरे में बंदी बनाकर रखा। तीसरे दिन शिकायतकर्ता को मीरा रोड स्थित दूसरे होटल में शिफ्ट किया गया। १८ दिसंबर की रात शिकायतकर्ता किसी तरह वहां से भागने में कामयाब हो गए और कुर्ला से बस पकड़कर शिमोगा लौटे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि नेट बैंकिंग की आईडी और पासवर्ड का इस्तमाल करके बदमाशों ने १५ से १८ दिसंबर के बीच अवैध रूप से उनके खाते से कुल २ करोड़ १७ लाख ६३ हजार के ट्रांजैक्शन किए थे। पीड़ित ने ३० दिसंबर को ईमेल के माध्यम से महाराष्ट्र पुलिस की आईडी पर शिकायत दर्ज की, जिसके बाद काशीमीरा पुलिस ने उन्हें अपना बयान देने के लिए बुलाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक ने क्राइम ब्रांच यूनिट को समांतर जांच करने का जिम्मा सौंपा।

अन्य समाचार