मुख्यपृष्ठनए समाचारचंदौली में मॉर्निंग वॉक के निकले व्यापारी की पीट-पीट कर की गई...

चंदौली में मॉर्निंग वॉक के निकले व्यापारी की पीट-पीट कर की गई हत्या

उमेश गुप्ता / वाराणसी

चंदौली जनपद के सकलडीहा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक और सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहाँ सुबह की सैर पर निकले अधेड़ व्यापारी ओमप्रकाश मौर्य की अज्ञात लोगों ने सड़क पर ही बेरहमी से हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद एसडीएम कुंदन राज अकपूर और सीओ सकलडीहा स्नेहा तिवारी भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का बारीकी से निरीक्षण करते हुए पूरी घटना की जांच शुरू कर दी। मौके पर कई थानों की पुलिस फोर्स ,फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई।

मृतक की पहचान ओम प्रकाश मौर्य के रूप में हुई है, जो तुलसी आश्रम नोनार गांव के निवासी और क्षेत्र के जाने-माने व्यापारी थे। वह प्रतिदिन की भांति सुबह घर से टहलने के लिए निकले थे। लेकिन घर से कुछ ही दूरी पर स्थित सकलडीहा–अमड़ा मार्ग पर पहुंचते ही अज्ञात हत्यारों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों से उन पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात की क्रूरता को देखकर स्थानीय लोग भी सहम उठे।

सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल को घेर लिया और शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। मौके से हत्या में इस्तेमाल किया गया आला-कत्ल डंडा भी बरामद किया गया है, जिसे पुलिस ने सबूत के तौर पर सुरक्षित कर लिया है।इस संबंध में सीओ सकलडीहा स्नेहा तिवारी ने बताया कि 112 नंबर की सूचना मिली कि एक व्यक्ति का शव सड़क पर पड़ा है जिस पर तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच की कार्रवाई शुरू की गई। प्रथम दृष्टया विवाद का कारण प्रतीत हो रहा है। सभी बिंदुओं पर जांच कर शीघ्र हत्या का खुलासा करते हुए हत्यारों को गिरफ्तार किया जाएगा। समाचार दिए जाने तक पुलिस ने इस मामले में एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

अन्य समाचार