सामना संवाददाता / मुंबई
भाजपा दो मुंह वाला अजगर है। खुद को हिंदुत्व वादी बताने वाली भाजपा का देशप्रेम ढोंग है और भाजपा का हिंदुत्व भी बहुत बड़ा ढोंग है। वह सत्ता के लिए किसी से भी हाथ मिला रही है और हमने मिलाया तो गलत हो गया। ये लोग खुद को मोदी ब्रांड बताते हैं। ये लोग मोदी के बैंडवाले हैं। आज आरएसएस और भाजपा अपने विचारों से भटक चुकी है। सत्ता के नशे में चूर है। हमें सबसे पहले इनका नशा उतारना होगा। ऐसे कड़े शब्दों में शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने भाजपा और आरएसएस पर जमकर हमला बोला।
दादर स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज मैदान की सभा में उद्धव ठाकरे ने भाजपा और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित शिंदे गुट पर जोरदार और आक्रामक हमला बोला। उद्धव ठाकरे ने कहा कि इनका कोई वजूद नहीं है? ये लोग तो मोदी के बैंडवाले हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज भाजपा सत्ता के नशे में चूर है। इसका घमंड तोड़ना होगा। उन्होंने कहा कि राज्य में नशाखोरी का व्यवसाय खुलकर शुरू है। सातारा में ड्रग पैâक्ट्री पर पड़ी कार्रवाई का मामला शिवसेना उपनेता सुषमा ताई अंधारे ने उजागर किया, लेकिन कार्रवाई अब तक नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि अडानी के लिए भाजपा के लोग अजगर की तरह मुंबई पर नजर गड़ाए हुए हैं। उन्हें मुंबई निगलना है। हमारे रहते इन लोगों का मंसूबा पूरा नहीं हो पाएगा। शिवसेना के रहते ये मुंबई को निगल नहीं पाएंगे, इसलिए इन्हें शिवसेना नहीं चाहिए।
हिंदू-मुस्लिम राजनीति पर सीधा सवाल
उद्धव ठाकरे ने भाजपा और फडणवीस को खुली चुनौती देते हुए कहा कि हिंदू-मुस्लिम मुद्दे को छोड़कर किया गया एक भी भाषण दिखाओ, एक लाख रुपए इनाम में लो। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वे मोदी के लिए रोजा के समय उपहार बांटते हैं। भाजपा का मुस्लिम प्रेम अमर प्रेम और हमने थोड़ी-सी बात की तो लव जिहाद हो गया।
फडणवीस पर जोरदार हमला
उद्धव ठाकरे ने सवाल उठाया कि देवेंद्र फडणवीस हिंदू हैं या नहीं, यह जांच कर देखो। सत्ताधारियों द्वारा ठाकरे बंधुओं पर अस्तित्व की लड़ाई का तंज कसने वालों को उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ठाकरे का अस्तित्व तय करने वाला अभी तक पैदा नहीं हुआ।
महाराष्ट्र अस्मिता और चेतावनी
उद्धव ठाकरे ने भावनात्मक और आक्रामक लहजे में कहा कि जब हमारे राज्य के टुकड़े किए जा रहे हों, तब क्या हम घर बैठेंगे? हम महाराष्ट्र के लिए एकजुट हुए हैं, महाराष्ट्र के लिए ताकत बनकर खड़े हैं। हम लोग देशभक्त हिंदू हैं।
महाराष्ट्र को बेचने की हो रही है कोशिश
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कब आपको बाहर निकाल दिया जाएगा, यह भी पता नहीं चलेगा। जमीन और भाषा गई तो अस्तित्व खत्म हो जाएगा। पूरी मुंबई और महाराष्ट्र को बेचने की कोशिश हो रही है। लोगों को एकजुट न होने देने के लिए साजिशें की जा रही हैं।
