मुख्यपृष्ठनए समाचारसांसों पर संकट!..बेलगाम आतिशबाजी से मीरा-भायंदर की हवा जहरीली...एक्यूआई ३०० पार

सांसों पर संकट!..बेलगाम आतिशबाजी से मीरा-भायंदर की हवा जहरीली…एक्यूआई ३०० पार

सुरेश गोलानी / मुंबई

इस दिवाली पर पटाखा विक्रेताओं और नियमों को ताक पर रखकर की गई आतिशबाजी ने मीरा-भायंदर की हवा को बेहद प्रदूषित कर दिया है। दिवाली के दौरान शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) ३१५ के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक श्रेणी में आता है। आरोप है कि प्रशसन और कुछ स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मिलीभगत से पटाखा विक्रेताओं को लाभ पहुंचाने के लिए कई जगहों पर अवैध अनुमतियां दी गईं। शर्तों के उल्लंघन के बावजूद प्रशासन ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। आरोप है कि स्टॉल और फुटपाथ पर रखे विस्फोटक पटाखों के भंडार की शिकायत करने के बावजूद पुलिस और मनपा ने माल जब्त नहीं किया और न ही कोई मामला दर्ज किया। नियमों के तहत रात १० बजे के बाद पटाखे फोड़ने और मैंग्रोव क्षेत्रों में आतिशबाजी पर प्रतिबंध था। इसके बावजूद उल्लंघनकर्ताओं को शुरुआत से ही ढील दी गई । मीडिया और जागरूक नागरिकों की कड़ी आलोचना के बाद, ९ नवंबर को मीरा-भायंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय ने कार्रवाई के लिए परिपत्र जारी किया। सामाजिक कार्यकर्ता धीरज परब के अनुसार, लक्ष्मीपूजन की रात हुई बेतहाशा आतिशबाजी और पटाखों से लगी आग की घटनाओं के कारण शहर पर धुएं की मोटी चादर छा गई, रविवार रात सूक्ष्म धूलकणों (पी एम २.५ ) का स्तर १८० से २०० माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर और बड़े धूलकणों (पी एम १०) का स्तर २०० से २२० माइक्रोग्राम तक दर्ज किया गया। इस जहरीली हवा और ध्वनि प्रदूषण के कारण नागरिकों को आंखों में जलन, गले में खराश, खांसी और सांस लेने में तकलीफों का सामना करना पड़ा। इस गंभीर स्थिति से पुलिस और मनपा प्रशासन को अगली दिवाली के लिए कड़ा सबक लेना चाहिए। भविष्य में ऐसी लापरवाही दोहराई न जाए, इसके लिए पटाखा स्टॉलों के आवंटन में पारदर्शिता बरतनी होगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शुरुआत से ही सख्त कानूनी कार्रवाई और जुर्माना लगाकर ही शहर की आबोहवा को बचाया जा सकता है।

अन्य समाचार