सामना संवाददाता / झुंझुनू
राजस्थान में झुंझुनू जिले के पचेरी कला थानान्तर्गत भालोठ के पास पो की ढाणी स्थित पचेरी-महेंद्रगढ़ सड़क पर गुरुवार को दो पिकअप गाड़ियों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि 11 लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही तीन एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। घायलों को बुहाना और महेंद्रगढ़ के अस्पतालों में भर्ती करवाया गया। कुछ घायलों को निजी वाहनों से भी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार एक पिकअप में सवार लोग हरियाणा के महेंद्रगढ़ क्षेत्र के सेहलंग गांव से बुहाना क्षेत्र के घसेड़ा गांव में जगदेव के घर शोकसभा में शामिल होने आ रहे थे। वहीं दूसरी पिकअप में सवार लोग निहालोठ गांव से महेंद्रगढ़ के दुलोठ गांव में अपने रिश्तेदार के यहां शोकसभा में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान भालोठ के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में रामप्यारी पत्नी दुलीचंद निवासी सेहलंग थाना कनीना हरियाणा तथा सुभाष यादव पुत्र हरफूल यादव निवासी निहालोठ की मौत हो गई। जबकि निहालोठ निवासी राजेंद्र पुत्र मोहर सिंह, नरेश पुत्र कैलाश यादव, हनुमान पुत्र छल्लू राम, राजबाला जांगिड़ पत्नी प्रताप, आरती जांगिड़ पत्नी मनोज और अनीता शर्मा पत्नी विजय, वहीं सेहलंग निवासी सुमन देवी पत्नी रामपाल, सुशीला पत्नी उदय सिंह, सतीश पुत्र रामकुमार, शिवपाल पुत्र बलबीर और कृष्ण कुमार पुत्र भरत सिंह घायल हो गए। इनमें सुमन देवी की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही पचेरी कलां पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों पिकअप को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू करवाया।
घटनास्थल के नजदीक पुलिस चौकी होने के बावजूद पुलिस को मौके पर पहुंचने में करीब एक घंटे का समय लग गया। इस दौरान ग्रामीण ही घायलों को संभालने और अस्पताल पहुंचाने में जुटे रहे। सूचना मिलने पर हरियाणा के महेंद्रगढ़ थाना क्षेत्र की पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।
