राजेश सरकार / प्रयागराज
संगम नगरी प्रयागराज में चल रहे माघमेला में आग से झुलसे श्रद्धालु ने इलाज के दौरान शुक्रवार को अंतिम सांस ली। मेला क्षेत्र के सेक्टर पांच में अन्नपूर्णा मार्ग स्थित एक टेंट में लगी आग से उक्त श्रद्धालु गंभीर रूप से झुलस गया था। उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एसपी नीरज पांडेय के मुताबिक, श्रद्धालु की पहचान 21 वर्षीय मानस मिश्रा पुत्र स्व. मदन मिश्रा के रूप में हुई है। मानस मिश्रा गंगापार के सराय इनायत थाना अंतर्गत लीलापुर कलां गांव का रहने वाला था। मानस के परिजन का कहना है कि माघमेला में उनका भी टेंट लगा है। खिचड़ी पर्व पर स्नान-ध्यान, पूजा-पाठ और भजन कीर्तन के बाद मानस अपने टेंट में सो रहा था, तभी आग फैली जिसमें वह काफी झुलस गया था। परिवार वाले उसे लेकर अस्पताल भर्ती कराए थे। जहां शुक्रवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। परिजन के मुताबिक, मानस के रिश्ते में उसके चाचा मुजफ्फरनगर के डीएम हैं। गौरतलब है कि माघ मेला में अभी तक आग लगने की तीन घटनाएं सामने आई हैं। सर्वप्रथम मंगलवार को काली मार्ग सेक्टर 5 स्थित श्री रामनाम एवं मानस प्रचार संघ के शिविर में आग लगी थी। बुधवार को सेक्टर 4 स्थित तुलसी मार्ग पर कमलेश्वर नाथ पाण्डेय की ओर से लगाए गए छोटे एवं बड़े ब्रह्म बाबा शिविर में आग लगी थी, जिसमें करीब एक दर्जन टेंट जल गए थे। इन घटनाओं में टेंट के साथ सामान भी जल गए थे।
