मुख्यपृष्ठनए समाचारफ्रस्टेड फडणवीस जनता पर निकाल रहे हैं अपनी हताशा... आदित्य ठाकरे...

फ्रस्टेड फडणवीस जनता पर निकाल रहे हैं अपनी हताशा… आदित्य ठाकरे का मुख्यमंत्री पर तीखा हमला

-भ्रष्टाचार पर सवाल तो हम पूछेंगे ही

-बीजेपी हिंदू विरोधी और देश विरोधी है

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई में भारी बारिश के कारण गिरे पेड़, जगह-जगह जलभराव से पैदा हुए ट्रैफिक जाम और मुंबई-पुणे ‘मिसिंग लिंक’ परियोजना में हुए भूस्खलन के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर उठ रहे सवालों के बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में करीब दो घंटे का भाषण दिया। इस दौरान मुंबई की समस्याओं पर जवाब देने के बजाय उन्होंने सरकार की कमियों को उजागर करने वाले विपक्ष पर तीखा हमला बोला। साथ ही सोशल मीडिया पर नेटिजन्स को भी धमकी दी। इसे लेकर शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे ने मुख्यमंत्री पर जोरदार निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के भाषण में उनकी हताशा साफ दिखाई दे रही थी और वे अपनी निराशा व हताशा महाराष्ट्र की जनता पर उतार रहे हैं। गुरुवार को विधान भवन परिसर में आदित्य ठाकरे ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री ने बुधवार को विधानसभा में दो घंटे तक भाषण दिया, लेकिन उसमें सिर्फ बड़ी-बड़ी बातें थीं। उनके पूरे भाषण से उनकी हताशा साफ झलक रही थी। कई बार अहंकार ही निराशा का सबसे बड़ा संकेत होता है और मुख्यमंत्री ने इसका जीवंत उदाहरण पेश किया।
आदित्य ठाकरे ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उनकी पार्टी हमेशा देश की जनता के साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ही वास्तव में हिंदू विरोधी और देश विरोधी पार्टी है। हम देश विरोधी और हिंदू विरोधी काम नहीं करेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री को चुनौती देते हुए कहा कि अगर विपक्ष के सवाल आपको इतने परेशान कर रहे हैं, तो फिर आप उस कुर्सी पर बैठे ही क्यों हैं? जिस सत्ता की कुर्सी पर आप बैठे हैं, वहां जनता और विपक्ष आपसे सवाल जरूर पूछेंगे। अगर भ्रष्टाचार किया है, जनता का पैसा लूटा है तो जनता की आलोचना भी सहनी पड़ेगी। लोगों के सवालों का जवाब देना आपकी जिम्मेदारी है।
डोंबिवली में डॉक्टर से मारपीट की घटना पर आदित्य ठाकरे ने कहा कि रमेश म्हात्रे का नगरसेवक पद तत्काल रद्द किया जाना चाहिए।
समृद्धि महामार्ग पर शराब बिक्री पर घेरा
समृद्धि महामार्ग पर बड़े पैमाने पर देशी शराब बिकने के मामले पर आदित्य ठाकरे ने सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि समृद्धि महामार्ग हो या कोई दूसरा हाईवे, पहले वहां की सड़कों की हालत देखिए। जगह-जगह गड्ढे हैं। ऐसे में अगर वहां शराब बिक रही है तो यह और भी गंभीर मामला है।
इथेनॉल के नाम पर जेब भर रहे हैं मंत्री
पेट्रोल की बढ़ती कीमतों और इथेनॉल मिश्रण को लेकर आदित्य ठाकरे ने कहा कि पर्यावरण की बात फिलहाल अलग रखिए। पड़ोसी देशों में भी पेट्रोल और डीजल सस्ता हुआ है। फिर भारत में र्इंधन की कीमतें कम क्यों नहीं हो रही हैं? ऐसा लगता है कि इथेनॉल का इस्तेमाल जनता को राहत देने के बजाय कुछ लोगों के निजी कारोबार को बढ़ावा देने के लिए किया जा रहा है।

अन्य समाचार