मुख्यपृष्ठस्तंभझांकी: युवाओं के लिए आजाद हिंद पार्टी

झांकी: युवाओं के लिए आजाद हिंद पार्टी

अजय भट्टाचार्य

जंतर-मंतर पर हाल ही में हुए जेन-जी प्रदर्शनों के बाद राजनीति में एक फिर हलचल तेज हो गई है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस के प्रपौत्र चंद्र कुमार बोस ने युवाओं को केंद्र में रखकर नई राजनीतिक पार्टी बनाने का एलान किया है। वे ‘आजाद हिंद पार्टी’ के नाम से इस नए राजनीतिक मंच को खड़ा करने की तैयारी में हैं। चंद्र कुमार बोस का कहना है कि देश का युवा मौजूदा राजनीतिक और प्रशासनिक व्यवस्था से असंतुष्ट है और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा रहा है। उनके मुताबिक जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शनों में युवाओं के भीतर बदलाव की इच्छा और नेतृत्व की तलाश साफ दिखाई दी।
रेवन्ना की बैरक में मोबाइल
बंगलुरु की परप्पना अग्रहारा सेंट्रल जेल में रेप के दोषी और पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना की बैरक से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन मिला है। इसके बाद जेल अधिकारियों के खिलाफ जांच और अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की गई है। सेंट्रल क्राइम ब्रांच ने मंगलवार को हाई-सिक्योरिटी जेल में पांच घंटे तक छापेमारी की थी। इस दौरान हाई-प्रोफाइल वैâदियों और अन्य वैâदियों पर ध्यान केंद्रित किया गया और रेवन्ना के पास से फोन जब्त किया गया। सीसीबी ने परप्पना अग्रहारा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। इससे पहले जेल ६ अगस्त को भी रेवन्ना की बैरक की तलाशी हुई थी, लेकिन तब कोई प्रतिबंधित सामान नहीं मिला था। मामले में सहायक जेल अधीक्षक इरन्ना रंगपुर को निलंबित कर दिया गया है। बंगलुरु सेंट्रल जेल के अधीक्षक को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
घर छोड़कर भागा सांसद
कूचबिहार से नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया के सांसद जगदीशचंद्र बसुनिया और उनकी पत्नी, कूचबिहार जिले के सिताई से तृणमूल कांग्रेस की विधायक संगीता रॉय को मंगलवार तड़के करीब २ बजे स्थानीय लोगों के विरोध के बीच सिताई स्थित अपना घर छोड़ना पड़ा। बसुनिया एनसीपीआई में शामिल होने वाले और संसद में भाजपा नीत राजग को समर्थन देने वाले २० बागी तृणमूल सांसदों में से एक हैं। सांसद और विधायक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सिताई बाजार स्थित अपने घर पहुंचे। बिना किसी पार्टी के झंडे या बैनर वाले प्रदर्शनकारी उस इलाके में पहुंचे, घर को घेर लिया और उनके जाने की मांग करते हुए नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि ये दोनों चुने हुए प्रतिनिधि लंबे समय से अपने निर्वाचन क्षेत्रों से गायब थे। जनता का मूड भांपकर बसुनिया दंपति वहां से वापस हो गए।
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार एवं स्तंभकार हैं तथा व्यंग्यात्मक लेखन में महारत रखते हैं।)

अन्य समाचार