-पुलिस का लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए किया
-२१,००० छात्रों से सीधा संवाद
सुरेश गोलानी / मुंबई
मीरा-भायंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय द्वारा आयुक्त निकेत कौशिक के मार्गदर्शन में स्कूल के विद्यार्थियों को ड्रग्स के सेवन और साइबर अपराधों से बचाने के लिए गुरुवार को लाइव स्ट्रीमिंग वेबिनार के जरिए एक अनोखी पाठशाला का आयोजन किया। मीरा रोड स्थित आयुक्त कार्यालय से संचालित तीन घंटे (सुबह १० बजे से दोपहर तक) के इस लाइव स्ट्रीमिंग वेबिनार सत्र में शहर के १०० से ज्यादा स्कूलों के करीब २१,००० विद्यार्थियों के अलावा शिक्षकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। पुलिस अधिकारियों और संबंधित क्षेत्रों के विशेषज्ञों द्वारा विद्यार्थियों को साइबर ठगी के नए तरीकों और इससे बचाव के उपायों की जानकारी देने के अलावा नशीली दवाओं और पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में अवगत कराया गया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पुलिस अधिकारियों और विशेषज्ञों ने बताया कि साइबर अपराध और नशे का जाल एक जैसा है, जिसमें फंसने के बाद बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है, इसलिए हर व्यक्ति को शुरुआत से ही सतर्क रहने की जरूरत है। विद्यार्थियों से अपील की गई कि किसी अनजान नंबर से कॉल आता है या कोई व्यक्ति डराने, धमकाने या डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ब्लैकमेल करने का प्रयास करता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें और किसी भी स्थिति में अपनी निजी जानकारी, ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें। सत्र में डायल-११२ आपातकालीन सेवा तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
