पनवेल: 14 जनवरी 1953 को भारतीय सेना के पहले भारतीय कमांडर-इन-चीफ फील्ड मार्शल के. एम. करियप्पा के सेवानिवृत्त होने की स्मृति में प्रतिवर्ष मनाए जाने वाले वेटरन्स डे (युद्ध वीर दिवस) के उपलक्ष्य में इस वर्ष पनवेल में भव्य आयोजन किया जा रहा है। वेटरन्स वेलफेयर एसोसिएशन, पनवेल के तत्वावधान में 25 जनवरी 2026 को वडाले तालाब, पनवेल (बस स्टैंड के पास) वेटरन्स डे एवं गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन होगा।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7:45 बजे वेटरन्स के एकत्रीकरण से होगी, जबकि सुबह 8:15 बजे परेड का फ्लैग ऑफ किया जाएगा। परेड के समापन के बाद देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति के साथ-साथ वीर नारियों, वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों, गणमान्य अतिथियों एवं सहयोगकर्ताओं का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। आयोजन के दौरान सभी प्रतिभागियों के लिए नाश्ता एवं चाय की व्यवस्था भी की गई है।
आयोजकों ने सभी वेटरन्स से अपील की है कि वे अपने वेटरन्स कैप, मेडल और बैज के साथ कार्यक्रम में शामिल होकर सम्मानपूर्वक परेड में भाग लें। यह आयोजन पनवेल में पहली बार किया जा रहा है, जिसे लेकर पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। यह आयोजन पनवेल महानगरपालिका व वेटरन्स वेलफेयर एसोसिएशन ने एक साथ मिलकर आयोजित किया है।
वेटरन्स वेलफेयर एसोसिएशन ने शहर के सभी पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारजनों से इस ऐतिहासिक अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपनी एकता, अनुशासन और संगठन की शक्ति का परिचय देने की अपील की है।
