मुख्यपृष्ठनए समाचारसाड़ी को लेकर `साजन' की सटकली ... शादी के एक घंटे पहले...

साड़ी को लेकर `साजन’ की सटकली … शादी के एक घंटे पहले मंगेतर को मार डाला! …दुल्हन की मेहंदी लगाए अर्थी में विदा हुई लड़की

सामना संवाददाता / अमदाबाद
शादी का दिन हर किसी लड़की के लिए खास होता है। लेकिन गुजरात के भावनगर की रहने वाली सोनी हिम्मत राठौड़ के लिए शादी वाला दिन ही उसकी जिंदगी का अंत बन गया। २२ साल की सोनी दुल्हन के जोड़े में तैयार होकर जब डोली में बैठ कर अपने ससुराल जाने के इंतजार में थी, तभी उसे अर्थी पर दुनिया से विदाई लेनी पड़ गई। सोनी के होने वाले दूल्हे ने ही शादी से कुछ घंटों पहले उसी के घर के अंदर उसकी हत्या कर दी। मंगेतर की पहचान २६ वर्षीय साजन खागना बारैया के रूप में हुई है। सोनी और साजन की शादी वाले दिन सुबह वह उसके घर गया और दोनों के बीच बहस होने लगी। इसके बाद गुस्से में आकर साजन ने लोहे की रॉड से सोनी पर हमला कर दिया। सिर्फ इतना ही नहीं, बल्कि साजन ने सोनी का सिर दीवार पर पटक कर घसीटा और इसी के चलते सोनी की मौत हो गई। सोनी की चीख-पुकार सुनकर बाकी घर वाले वहां पहुंचे, उससे पहले ही हत्यारा साजन वहां से फरार हो गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच साड़ी को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद साजन ने यह खौफनाक कदम उठाया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच पानेतर (गुजराती दुल्हन द्वारा पहनी जाने वाली पारंपरिक पोशाक) और पैसों को लेकर कोई झगड़ा हो गया था, जिसके बाद साजन ने यह कदम उठाया।
आरोपी फरार
भावनगर सिटी डिविजन पुलिस के उप-अधीक्षक, आर आर सिंघल ने बताया कि सोनी और साजन पिछले डेढ़ साल से एक-दूसरे के साथ थे, लेकिन उनका परिवार उनके प्यार के खिलाफ था। शादी वाली सुबह साजन अपनी होने वाली दुल्हन सोनी के घर आया और उससे झगड़ा करने लगा। इसी दौरान उसने सोनी पर हमला किया और उसकी हत्या कर दी। सोनी के परिवार के सदस्य जब तक उसकी आवाज सुनकर पहुंचे। तब तक साजन वहां से फरार हो गया था और सोनी की मौत हो चुकी थी।

अन्य समाचार