मुख्यपृष्ठअपराधप्रयागराज में नशे के सौदागरों पर बड़ी चोट...नैनी पुलिस और नारकोटिक्स टास्क...

प्रयागराज में नशे के सौदागरों पर बड़ी चोट…नैनी पुलिस और नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने 36 लाख रुपए की स्मैक के साथ 2 तस्कर दबोचे

 राजेश सरकार / प्रयागराज

कमिश्नरेट पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। नारकोटिक्स टास्क फोर्स (अपराध शाखा कमिश्नरेट प्रयागराज) और यमुनानगर जोन नैनी पुलिस की संयुक्त टीम ने चकभटाही इलाके से दो शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्तों के कब्जे से 181 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 36 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही पुलिस ने बिक्री के 1,220 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। बताया जाता है कि चकभटाई में स्मैक के नशे का धंधा 90 के दशक से चल रहा है।
अर्धनिर्मित मकान में चल रहा था काले कारोबार का खेल
पुलिस के मुताबिक, दिनांक 15 अक्टूबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर संयुक्त टीम ने थाना नैनी क्षेत्र के चक भटाही स्थित एक अर्धनिर्मित मकान पर छापेमारी की। मौके से शाहजी का पुरा (एडीए नैनी) के रहने वाले दो अभियुक्तों महेश भारतीया (34) और रोमिल भारतीया (25) को रंगे हाथों दबोचा गया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना नैनी में मुअसं 544/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
2,000 दिहाड़ी पर बेचते थे मौत का सामान, मुख्य सप्लायर फरार
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने बेहद चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। अभियुक्तों ने बताया कि नैनी के ही चकभटाही निवासी दो भाई कमलेश भारतीया उर्फ बड़कऊ और आकाश भारतीया उर्फ छोटकऊ, उन्हें रोजाना स्मैक लाकर देते थे। ये दोनों आरोपी आने-जाने वाले ग्राहकों को स्मैक की पुड़िया बेचते थे, जिसके बदले मुख्य तस्कर उन्हें 2,000 रुपये प्रतिदिन की दिहाड़ी (कमीशन) देते थे। बरामद नकदी भी स्मैक की बिक्री से ही कमाई गई थी। पुलिस अब मुख्य सप्लायरों की तलाश में जुट गई है।
आरोपी महेश का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पकड़े गए आरोपियों में से महेश भारतीया एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ थाना नैनी में पहले से ही कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
वर्ष 2017 में मारपीट और घर में घुसने की धारा,
वर्ष 2017 में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम,
वर्ष 2022 में एनडीपीएस एक्ट
वर्ष 2022 में दोबारा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम।
 कामयाबी पाने वाली पुलिस टीम
नशे के इस नेटवर्क को ध्वस्त करने में नारकोटिक्स टास्क फोर्स (अपराध शाखा): प्रभारी उपनिरीक्षक सुरेश गिरी, कांस्टेबल विशाल सिंह, कांस्टेबल नंदलाल, कांस्टेबल कुलदीप सिंह और कांस्टेबल पुष्पेंद्र तेबतिया।
थाना नैनी पुलिस टीम: उपनिरीक्षक मनोज सिंह, कांस्टेबल अमित कुमार और कांस्टेबल आशीष वर्मा शामिल रहे।

अन्य समाचार