मुख्यपृष्ठनए समाचारमकर संक्रांति पर्व पर संगम में उमड़ा जनसैलाब ... त्रिशूल, तलवार और डमरू...

मकर संक्रांति पर्व पर संगम में उमड़ा जनसैलाब … त्रिशूल, तलवार और डमरू संग नागाओं ने लगाई डुबकी

राजेश सरकार
प्रयागराज। माघ मेला के दूसरे प्रमुख स्नान पर्व मकर संक्रांति पर बृहस्पतिवार को संगम में डुबकी लगाने जनसैलाब उमड़ पड़ा। तट पर श्रद्धालुओं और कल्पवासियों की भारी भीड़ जमा होने से नौका संचालन और अक्षयवट दर्शन पर रोक लगाना पड़ गया। अन्य घाटों की अपेक्षा संगम तट पर आस्था का विराट समागम देखने को मिला, जहां साधु-संत, कल्पवासी और आम श्रद्धालु एक साथ त्रिवेणी की पवित्र धारा में डुबकी लगा रहे थे। मेला प्रशासन के दावे के मुताबिक दोपहर 12 बजे तक संगम तट पर 54 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगा ली थी। प्रशासन का अनुमान है कि मकर संक्रांति का शुभ मुहूर्त दिन भर चलने के कारण दिन ढलने तक यह संख्या दो करोड़ को पार कर सकती है। बृहस्पतिवार भोर से ही संगम समेत अन्य घाटों पर स्नान शुरू हो गया था।
– नागा बाबाओं ने हर-हर महादेव उद्घोष संग डुबकी लगाई
जूना अखाड़े के नागा संन्यासी हर-हर महादेव का उद्घोष करते हुए घाट तक पहुंचे। हाथ में त्रिशूल, तलवार और डमरू लहराते हुए त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाई।
– भाकियू कार्यकर्ताओं से धक्का-मुक्की
भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस वालों की धक्का-मुक्की भी हुई। माहौल बिगाड़ने से बचा रहा।
– कन्हैया ने भी लगाई त्रिवेणी में डुबकी
श्रीकृष्ण जन्मभूमि मामले के मुख्य पैरोकार आशुतोष ब्रह्मचारी भी त्रिवेणी संगम में आराध्य श्रीकृष्ण की मूर्ति संग डुबकी लगाई।
– बुलडोजर पर सतुआ बाबा
माघ मेला में इस बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करीबी माने जाने वाले सतुआ बाबा सुर्खियों में बने हुए हैं। मकर संक्रांति पर्व पर बुलडोजर पर सवार होकर निकले सतुआ बाबा, संगम स्नान करने निकले खाक चौक व्यवस्था समिति के संतों की अगुवाई करते देखे गए।

अन्य समाचार