मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिमुकेश के नग्मों से सजी यादगार शाम, ‘ऊं गं गणपताये नमः’ का...

मुकेश के नग्मों से सजी यादगार शाम, ‘ऊं गं गणपताये नमः’ का पोस्टर जारी

सामना संवाददाता / मुंबई

बिग बैड क्रिएटर्स की ओर से अंधेरी पश्चिम स्थित फनकार मिनी ऑडिटोरियम में सुप्रसिद्ध पार्श्वगायक मुकेश की स्मृति में ‘एक शाम लीजेंड सिंगर मुकेश के नाम’ संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुकेश के सदाबहार नग्मों के साथ उनके व्यक्तित्व और संगीत यात्रा पर विशेष चर्चा हुई।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक अभिलाष अवस्थी ने मुकेश से अपने आत्मीय संबंधों का उल्लेख करते हुए उनसे जुड़े कई रोचक एवं भावपूर्ण प्रसंग साझा किए। वहीं गायक अमित सूर्यवंशी ने भावुक होकर कहा कि मुकेश के गीतों ने उन्हें पाला है। उन्होंने बताया कि जब वे घर से बेघर हुए, तब ऑर्केस्ट्रा में मुकेश जी के गीत गाकर उन्होंने अपना गुजारा किया।
इसके बाद मुकेश के एकल एवं युगल गीतों का सिलसिला शुरू हुआ। शाहनवाज, स्नेहल केलकर, रचना वर्तक, रफीक राजा, सीमा गुप्ता, रियाज पठान, जयकिशन रावत, विशु, एस.पी. सेन और कृष्णा गौतम ने अपनी मधुर आवाज से महफिल को यादगार बना दिया। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर सभागार में मौजूद श्रोताओं ने जमकर तालियां बजाईं।
इस अवसर पर भक्ति एल्बम ‘ऊं गं गणपताये नमः’ का पोस्टर भी जारी किया गया। एल्बम में संगीत सिकंदर शाह ने दिया है, जबकि गीत के बोल शामी एम. इरफ़ान ने लिखे हैं। इसे रचना वर्तक और जयकिशन रावत ने अपनी मधुर आवाज दी है। यह भक्ति एल्बम जल्द ही सभी प्रमुख ऑडियो प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगा, जबकि इसका वीडियो यूट्यूब पर भी रिलीज किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान जब रचना वर्तक और जयकिशन रावत ने इस भजन की लाइव प्रस्तुति दी तो पूरा सभागार भक्तिमय हो उठा। उपस्थित दर्शक मंत्रमुग्ध होकर ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे लगाने लगे। आयोजन से जुड़े लोगों को उम्मीद है कि यह मधुर भजन इस वर्ष गणपति उत्सव में श्रोताओं के बीच विशेष लोकप्रियता हासिल करेगा।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक राजेश विक्रांत, शायर एवं निर्देशक कमर हाजीपुरी, नाट्य निर्देशक एवं पर्दे के पीछे पत्रिका के संपादक राजीव रोहित, रंगकर्मी एवं शायर जाकिर सरदार, निर्देशक सनी कपूर, निर्देशक रहमत अली खान, वरिष्ठ फिल्म प्रचारक समरजीत सहित बॉलीवुड और रंगमंच से जुड़े कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस सफल संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन शामी एम. इरफ़ान ने किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन अभिनेत्री मिनी बंसल ने किया। अंत में पं. सुभाष चंद्र त्रिपाठी ने सभी अतिथियों, कलाकारों एवं उपस्थित दर्शकों का आभार व्यक्त किया।
-समरजीत (पीआरओ)

अन्य समाचार

रक्षाबंधन