मुख्यपृष्ठसमाचारसड़क किनारे छुपा ‘डेथ ट्रैप’: रेस्टोरेंट के सामने खुला 5 फीट गहरा...

सड़क किनारे छुपा ‘डेथ ट्रैप’: रेस्टोरेंट के सामने खुला 5 फीट गहरा गड्ढा, शिकायतों के बाद भी सोया विभाग; क्या बड़े हादसे के बाद जागेगा प्रशासन!

राजेश सरकार / प्रयागराज

स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग की घोर लापरवाही के कारण झूंसी पंथ संस्थान के ठीक पीछे, वाइट हाउस रेस्टोरेंट के सामने राहगीरों की जान दांव पर लगी है। सड़क के ठीक बगल में करीब 3 फीट चौड़ा और 4 से 5 फीट गहरा जानलेवा गड्ढा खुला पड़ा है, जो वर्तमान में हो रही बारिश के कारण पानी से लबालब भर चुका है।
बाइक सवारों और बच्चों के लिए सीधा काल
बारिश के मौसम में सड़क और पटरी का अंतर खत्म हो जाने के कारण यह गड्ढा किसी अदृश्य कुएं जैसा नजर आता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यदि कोई कार इसकी चपेट में आती है तो उसका पहिया फंसने से गाड़ी क्षतिग्रस्त हो सकती है, लेकिन बाइक सवारों के लिए यह गड्ढा बेहद घातक साबित हो सकता है। अचानक अनियंत्रित होकर इसमें गिरने से किसी की जान भी जा सकती है। इसके अलावा, आसपास रहने वाले छोटे बच्चों के भी खेलते-खेलते इसमें गिरने का गंभीर खतरा बना हुआ है।
शिकायतों के बाद भी विभाग की आंखें बंद
स्थानीय नागरिकों में इस लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर संबंधित विभाग से कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है। लोगों ने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा लगता है जैसे विभाग किसी बड़ी अनहोनी या हादसे का इंतजार कर रहा है, जिसके बाद ही उसकी नींद टूटेगी।
सावधानी ही एकमात्र बचाव
जब तक प्रशासन इस जानलेवा गड्ढे को भरने या इसकी बैरिकेडिंग करने की सुध नहीं लेता, तब तक जनता को खुद ही सतर्क रहना होगा। इस मार्ग से गुजरने वाले सभी वाहन चालकों, विशेषकर बाइक सवारों से अपील है कि झूंसी पंथ संस्थान के पीछे से गुजरते समय अपनी गति धीमी रखें और सड़क के किनारों से बचकर सुरक्षित निकलें।

अन्य समाचार

रक्षाबंधन