मुख्यपृष्ठनए समाचारविदिशा में गड़बड़झाला...चोरों ने स्पीड ब्रेकर ही चुरा लिया!.. अजब चोरी से...

विदिशा में गड़बड़झाला…चोरों ने स्पीड ब्रेकर ही चुरा लिया!.. अजब चोरी से सरकार को लगा ९ लाख रुपए का चूना

मध्य प्रदेश से अक्सर अजब-गजब और हैरान कर देने वाली खबर सामने आई। भोपाल से महज ६० किमी दूर विदिशा में चोरों ने गहने या गाड़ियां नहीं, बल्कि पूरी सड़क पर लगे स्पीड ब्रेकर ही चुरा लिए। इस अजीबोगरीब चोरी ने पुलिस और नगर पालिका प्रशासन को चक्कर में डाल दिया है। विदिशा नगर पालिका ने शहर की सड़कों पर वाहनों की रफ्तार पर लगाम लगाने और सड़क हादसों को रोकने के लिए करीब ९ लाख रुपए की लागत से रबर के आधुनिक स्पीड ब्रेकर लगवाए थे। लेकिन अब शहर की मुख्य सड़कों से ये ब्रेकर गायब हो चुके हैं।
हैरानी की बात यह है कि चोरों ने किसी सुनसान इलाके को नहीं, बल्कि शहर के सबसे व्यस्त और सुरक्षित माने जाने वाले दुर्गा नगर चौराहा, जिला कोर्ट रोड और विवेकानंद चौराहा जैसे इलाकों को निशाना बनाया। इन सड़कों पर दिन-रात पुलिस की गश्त रहती है, फिर भी चोर बड़ी आसानी से स्पीड ब्रेकरों को उखाड़ कर ले गए। स्पीड ब्रेकर चोरी होने की जानकारी मिलते ही नगर पालिका प्रशासन में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में थाने में एफआईआर दर्ज करा दी गई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि चोरों ने इस करतूत को कैसे अंजाम दिया और चोरी किए गए ब्रेकरों को कहां छुपाया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब शहर के मुख्य चौराहों और कोर्ट के सामने से सरकारी संपत्ति चोरी हो सकती है, तो आम जनता कितनी सुरक्षित है? यह चोरी न केवल आर्थिक नुकसान है, बल्कि इससे सड़क सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है।

अन्य समाचार