यूपी के कन्नौज में एक बार फिर पुलिस की लापरवाही सामने आई है। जहां रविवार रात बंदी को जिला जेल में दाखिल करने जा रहे सिपाही और होमगार्ड को चकमा देकर हथकड़ी समेत फरार हो गया। बंदी के फरार होने की खबर से महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस रात भर उसकी तलाश करती रही पर उसका कोई पता नहीं चल सका। वहीं, १५ दिन के भीतर पुलिस की ये दूसरी बड़ी चूक है।
पुलिस अभिरक्षा में बंदी मोहित कुमार को जिला जेल अनौगी ले जाया जा रहा था। १५ साल की लड़की को भगाने के आरोप में पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया था। रात करीब साढ़े ९ बजे जिला जेल से कुछ ही दूरी पर पुलिसकर्मियों की बाइक पंचर हो गई। होमगार्ड बंदी को पकड़े खड़ा रहा। जबकि सिपाही पंचर बाइक धकेलकर आगे बढ़ा। इसी दौरान मोहित ने बातचीत का सहारा लेकर होमगार्ड का ध्यान भटकाया और अपने हाथों की रस्सी ढीली कर ली। जैसे ही वे जेल गेट के करीब पहुंचे। वैसे ही मोहित ने होमगार्ड को जोर से धक्का दिया और अंधेरे का फायदा उठाते हुए जंगल की ओर भाग निकला।
पुलिसकर्मियों ने पीछा तो किया पर बंदी हाथ नहीं लगा। घटना देर रात की होने के कारण इसे दबाने की कोशिश की गई, लेकिन सोमवार सुबह ग्रामीणों की चर्चाओं ने सारा मामला उजागर कर दिया। अब सवाल यह है कि जेल से चंद कदम दूर पुलिस कैसे इतने कमजोर प्रबंधन के साथ बंदियों को लेकर चल रही है।
