-मेट्रो सिनेमा से मनपा मुख्यालय तक विराट मोर्चा
-उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे करेंगे नेतृत्व
-समय : सुबह १० बजे
-स्थान : मेट्रो सिनेमा
सामना संवाददाता / मुंबई
देश के भ्रष्ट चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आज रविवार, ४ अक्टूबर को शिवसेना और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना की ओर से विराट ‘गर्जना’ मोर्चा निकाला जाएगा। यह मोर्चा मेट्रो सिनेमा से मनपा मुख्यालय के लिए सुबह १० बजे शुरू होगा। यह मोर्चा मुंबई मनपा मुख्यालय के पास विराट जनसभा में परिवर्तित होगा। शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे और मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे के नेतृत्व में निकाले जाने वाले इस मोर्चे में हजारों शिवसैनिकों के साथ विभिन्न दलों के कार्यकर्ता और अन्य लोग शामिल होंगे।
मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया यानी एसआईआर लागू करने से लेकर चुनाव से जुड़े विभिन्न निर्णयों तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर मनमाने पैâसले किए जाने के कई आरोप हैं। ज्ञानेश कुमार के भाजपा के साथ कथित संबंधों को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। सत्ता पक्ष ने चुनाव आयोग को अपने नियंत्रण में लेकर वोटों की चोरी के माध्यम से कई राज्यों में सत्ता हासिल की, ऐसा आरोप लगाया जा रहा है। इसी कारण चुनाव आयोग और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देशभर में रोष बढ़ता जा रहा है और उनके इस्तीफे की मांग की जा रही है। इसी को देखते हुए शिवसेना और मनसे की ओर से यह मोर्चा निकाला जा रहा है।
‘वोट चोर जहां दिखे, वहीं सबक सिखाओ!’..मोर्चे के टीजर को जबरदस्त प्रतिक्रिया
‘हमारा वोट, हमारा अधिकार है। हमारा वोट चुराकर यदि आप तानाशाही लाने की कोशिश कर रहे हैं, तो याद रखिए, हम आपको सबक सिखाकर रहेंगे!’ इस चेतावनी वाले मोर्चे के टीजर वीडियो को सामाजिक माध्यमों पर जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है और यह व्यापक रूप से वायरल हो रहा है। शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने इस वीडियो में कहा है कि हम सभी को एकजुट होकर देश के लोकतंत्र की रक्षा करनी चाहिए। चुनाव और लोकतंत्र का अर्थ यही है कि जनता जो फैसला करे, उसे स्वीकार किया जाए। यदि जनता के फैसले को स्वीकार नहीं किया जाएगा, तो जनता सड़कों पर उतरने के अलावा कोई रास्ता नहीं छोड़ेगी। उन्होंने देश और राज्य के नागरिकों से यह जिम्मेदारी उठाने का आह्वान भी किया है। उद्धव ठाकरे ने कहा कि जहां भी मत चोर दिखाई दे, उसे वहीं लोकतांत्रिक तरीके से सबक सिखाना चाहिए।
शिवसेना-मनसे का विराट मोर्चा
‘ज्ञानेश कुमार को हटाओ’ की मांग तथा चुनाव आयोग के खिलाफ शिवसेना और मनसे की ओर से निकाले जा रहे इस मोर्चे को कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस सहित वामपंथी दलों ने भी समर्थन दिया है। इसके अलावा कॉकरोच जनता पार्टी के अभिजीत दीपके ने भी इस मोर्चे को अपना समर्थन दिया है।
एक ही झंडा, तिरंगा!
शिवसेना-मनसे के विराट मोर्चे में सभी दलों के कार्यकर्ताओं के साथ आम मुंबईकरों से भी बड़ी संख्या में शामिल होने का आह्वान किया गया है। इस मोर्चे में किसी एक राजनीतिक दल का झंडा नहीं होगा, बल्कि केवल तिरंगा झंडा रहेगा। तिरंगा लेकर मुंबई सहित राज्य के कोने-कोने से लाखों लोग इस मोर्चे में शामिल होंगे।
ऐसा होगा मोर्चे का मार्ग
सुबह १० बजे मेट्रो सिनेमा से मोर्चे की शुरुआत होगी। यहां से मोर्चा मनपा मार्ग होते हुए मुंबई मनपा मुख्यालय के पास पहुंचेगा। यहां बनाए गए भव्य मंच पर सार्वजनिक सभा होगी। इस दौरान प्रमुख नेता मोर्चे को संबोधित करेंगे।
