-तुर्भे ट्रैफिक पुलिस स्टेशन के पास जगह-जगह गड्ढे
-वाशी की ओर जाने वाले वाहन चालकों की बढ़ी परेशानी
संदीप पांडेय / नई मुंबई
एक तरफ मुंबई महानगर क्षेत्र में सड़कों और इंप्रâास्ट्रक्चर के विकास के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ नई मुंबई की महत्वपूर्ण ठाणे-बेलापुर हाईवे की बदहाल तस्वीर इन दावों पर सवाल खड़े कर रही है। तुर्भे ट्रैफिक पुलिस स्टेशन के पास वाशी की ओर जाने वाली सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और खराब सतह के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय वाहन चालकों का कहना है कि सड़क की हालत कई महीनों से खराब है, लेकिन संबंधित प्रशासन की नजर अब तक इस ओर नहीं पड़ी है।
ठाणे-बेलापुर हाईवे नई मुंबई के प्रमुख औद्योगिक और व्यावसायिक क्षेत्रों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। रोजाना बड़ी संख्या में भारी और हल्के वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं। ऐसे में सड़क पर बने गड्ढे और उखड़ी हुई सतह केवल यातायात की रफ्तार को प्रभावित नहीं करती, बल्कि दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा भी बढ़ाती है। गड्ढों से बचने के लिए अचानक लेन बदलने वाले वाहन भी दूसरे वाहनों के लिए जोखिम पैदा कर रहे हैं।
कब जागेगा प्रशासन?
स्थानीय वाहन चालकों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि सरकारों की ओर से विकास तथा आधुनिक इंप्रâास्ट्रक्चर को लेकर लगातार दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीन पर सड़क की हालत अलग कहानी बयां कर रही है। कुछ वाहन चालकों ने तंज कसते हुए कहा कि देवेंद्र फडणवीस, नरेंद्र मोदी और नितिन गडकरी के विकास के दावों से क्या होगा, पहले कमर तोड़ रही सड़क की हालत सुधारी जाए। हालांकि यह वाहन चालकों की प्रतिक्रिया है, लेकिन सड़क की मौजूदा स्थिति प्रशासन के लिए निश्चित तौर पर सवाल खड़ा करती है।
