सामना संवाददाता / मुंबई
मुख्यमंत्री के गृह जिले नागपुर में एक सेक्स रैकेट का भड़ाफोड़ हुआ है। पुलिस को सूचना मिली थी कि नागपुर के उमरेड रोड स्थित एक होटल में सेक्स रैकेट चल रहा है। इसके बाद अपराध शाखा के सामाजिक सुरक्षा विभाग ने अचानक जांच के लिए छापा मारा। इस छापे में गिरफ्तार महिला के खिलाफ पहले से ही हुडकेश्वर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज थी। इस कार्रवाई में आरोपी महिला के अलावा एक लड़की को भी गिरफ्तार किया गया था। पीड़ित लड़की को पुलिस ने सुधारगृह भेज दिया।
बताया जाता है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि होटल में सेक्स रैकेट चल रहा है। गुप्त सूचना के आधार पुलिस ने ग्राहक बनाकर एक आदमी को होटल में भेजा। होटल में ग्राहक बनकर गए व्यक्ति के इशारे के बाद बाहर खड़ी पुलिस ने होटल पर छापा मारा। छापेमारी में एक महिला को पुलिस ने हिरासत में लिया। उसके पास से २,५०० रुपए नकद, एक मोबाइल फोन और अश्लील सामग्री जब्त की गई। उसके पास से कुल लगभग २१ हजार रुपए की संपत्ति जब्त की गई है। आरोपी और पीड़िता दोनों को क्राइम ब्रांच के हुडकेश्वर थाने के हवाले कर दिया गया।
पीड़ित लड़की को सुधारगृह भेजा
अदालत में पेश करने के बाद पीड़ित लड़की को सुधारगृह भेज दिया गया है, जबकि आरोपी महिला को पुलिस हिरासत में रखा गया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त डॉ. रवींद्र कुमार सिंघल, सहायक उपायुक्त अभिजीत पाटील के मार्गदर्शन में की गई है। पुलिस के अनुसार, आर्थिक रूप से कमजोर लड़कियों और महिलाओं को कम समय में अधिक पैसा कमाने की लालच देकर इस व्यवसाय में फंसाया जा रहा था। लड़कियों और महिलाओं को फंसाने के आरोप में गिरफ्तार महिला से पुलिस पूछताछ कर रही है। इसके अलावा पुलिस अब आरोपी महिला से जुड़े मोबाइल डेटा, संचार नेटवर्क आदि की गहन जांच कर रही है।
