मुख्यपृष्ठसमाचारधक्के ने ली मजदूर की जान...दोस्त को मिली जेल

धक्के ने ली मजदूर की जान…दोस्त को मिली जेल

राजेश सरकार / प्रयागराज

यमुनानगर की करछना थाना पुलिस ने एक व्यक्ति की मौत के मामले में नामजद वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को खाई-बरदहा मार्ग स्थित कल्याणशाहपुरा मोड़ के पास से गिरफ्तार किया गया।
9 जून को हुई थी घटना
पुलिस के मुताबिक, 11 जून 2026 को नीबी गांव निवासी प्रदीप उर्फ बाबूजी ने करछना थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनके पिता गुलेश भारतीया शराब पीने के आदी थे। 9 जून को वह आरोपी के घर शराब पीने गए थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी और विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी ने गुलेश को धक्का दे दिया, जिससे वह जमीन पर गिरकर घायल हो गए। बाद में उन्हें सड़क किनारे छोड़ दिया गया।
अस्पताल के डॉक्टर ने मृत घोषित किया था
ग्रामीणों की सूचना पर परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले में करछना थाने में धारा 105 बीएनएस के तहत केस दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला अपराध
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मजदूरी कर जीवनयापन करता है और उसे तथा मृतक गुलेश, दोनों को शराब पीने की लत थी। घटना वाले दिन दोनों ने पहले उसके घर पर और बाद में जोगियाबारी तालाब के पास बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान शराब के पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। आरोपी के अनुसार, धक्का-मुक्की के दौरान गुलेश जमीन पर गिर गए और फिर उठ नहीं सके। घटना के बाद वह घबराकर मौके से फरार हो गया था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर दी है।

अन्य समाचार