मुख्यपृष्ठनए समाचारविकास पुरुष का ‘टोल-झोल’!..अंजलि दमानिया की पोल खोल जल्द ही सामने लाएंगी...

विकास पुरुष का ‘टोल-झोल’!..अंजलि दमानिया की पोल खोल जल्द ही सामने लाएंगी सबूत

सामना संवाददाता / मुंबई

भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की कार्यकुशलता की हमेशा सराहना होती रही है। दूरदृष्टि के साथ काम करने वाले नेता के रूप में गडकरी को अक्सर ‘रोडकरी’ कहकर सराहा जाता है। सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों ही गडकरी के काम की तारीफ करते हैं और कहते हैं कि दिल्ली में उनके जैसा प्रभावशाली नेता दूसरा नहीं है। लेकिन सामाजिक कार्यकर्ता अंजली दमानिया ने गडकरी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दमानिया का आरोप है कि गडकरी ने टोल के जरिए झोल करते हुए बड़ा भ्रष्टाचार किया और उन्हीं की कंपनियों को इसका लाभ पहुंचाया।
दमानिया के इन आरोपों से राजनीतिक हलकों में खलबली मच गई है। उधर भाजपा दमानिया के आरोपों को खारिज करते हुए गडकरी के बचाव में उतर आई है। मीडिया से बात करते हुए दमानिया ने कहा कि जिन्हें ‘एक्सप्रेस वे मैन ऑफ इंडिया’ कहा जाता है, वे हर किलोमीटर सड़क के काम और टोल से पैसे कमा रहे हैं। सरकार के बिल्ड-ऑपरेट-ट्रांसफर और टोल-ऑपरेट-ट्रांसफर मॉडल ही भ्रष्टाचार के लिए बना है। दमानिया ने आरोप लगाया कि नितिन गडकरी ने जनता पर टोल थोप दिया है। जनता पहले से ही रोड टैक्स, सेल्स टैक्स, जीएसटी जैसे कई कर भर रही है, फिर टोल क्यों लगाया जा रहा है? दमानिया का दावा है कि टोल से मिलने वाला पैसा आईडीएल नामक कंपनी में गया और वहां से गडकरी के दोनों बेटों की कंपनियों में ट्रांसफर किया गया। गडकरी पर एथेनॉल से जुड़े मामलों में भी दमानिया ने भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं।
इस मामले में भाजपा प्रवक्ता केशव उपाध्याय ने कहा कि गडकरी पर लगाए गए आरोप तथ्यहीन, झूठे और पुराने हैं। २०१३ में भी ऐसे ही आरोप लगे थे, तब कांग्रेस की सरकार ने जांच करवाई थी, लेकिन उसमें भी कुछ साबित नहीं हुआ। सिर्फ बदनाम करने के लिए गडकरी पर बार-बार ऐसे आरोप लगाए जाते हैं। उपाध्याय ने कहा कि उन्हें सत्ताधारी दल में महाराष्ट्र की मजबूत आवाज माना जाता है। अपने काम में बेहद पारदर्शक और ठेकेदारों पर सख्ती से काम करवाने वाले मंत्री के रूप में भी उनकी पहचान है।

अन्य समाचार