सामना संवाददाता / मुंबई
उत्तर-पूर्व मुंबई के शिवसेना सांसद संजय दीना पाटील की गद्दारी के बाद उनकी बेटी और शिवसेना नगरसेविका राजुल पाटील ने कल ‘मातोश्री’ निवास स्थान पर जाकर शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे से मुलाकात की। उन्होंने उद्धव ठाकरे के सामने अपनी भूमिका स्पष्ट करते हुए कहा कि वे किसी भी परिस्थिति में शिवसेना में ही रहेंगी। संजय पाटील की बगावत के बाद हर किसी की नजर इस बात पर टिकी थी कि राजुल पाटील क्या रुख अपनाएंगी। आखिरकार, कल उन्होंने सीधे ‘मातोश्री’ निवास स्थान पहुंचकर उद्धव ठाकरे और शिवसेना नेता व युवासेनाप्रमुख, विधायक आदित्य ठाकरे से मुलाकात की। उन्होंने उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे से कहा कि पारिवारिक और राजनीतिक भूमिकाएं अलग-अलग हैं और वे शिवसेना के साथ ही रहेंगी।
मैं ठाकरे के साथ
‘मातोश्री’ से बाहर आने के बाद राजुल पाटील ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने बताया कि उन्होंने उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे से मुलाकात कर अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है। राजुल पाटील ने कहा कि मैं उद्धव ठाकरे के साथ ही हूं, यह मेरा व्यक्तिगत निर्णय है और मैं अपने कर्तव्यों का पालन पूरी निष्ठा से करूंगी। उन्होंने यह दावा भी किया कि उनके इस फैसले से उद्धव ठाकरे संतुष्ट और खुश हैं। जब पत्रकारों ने उनसे उनके पिता संजय पाटील की बगावत के बारे में पूछा, तो उन्होंने कहा कि वह उनका व्यक्तिगत निर्णय है और हमारे घर में हर किसी को अपने राजनीतिक फैसले लेने की स्वतंत्रता है। वे अपने अंतिम निर्णय की घोषणा खुद ही करेंगे।
