हिमांशु राज़
बॉलीवुड के जाने-माने फिल्ममेकर अभिनव कश्यप ने इस बार अपने बयान से फिल्म इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है। आम तौर पर निजी जीवन पर चुप्पी साधे रखने वाले अभिनव ने हाल ही में एक इंटरव्यू में अभिनेता आमिर खान पर गंभीर आरोप लगाए हैं।‘बॉलीवुड ठिकाना’ से बातचीत करते हुए अभिनव ने खुलासा किया कि उन्होंने एक ऐड फिल्म की शूटिंग के दौरान आमिर के साथ काम किया था, लेकिन वह अनुभव उनके लिए सुखद नहीं रहा। उन्होंने कहा कि भले ही आमिर खान को लोग ‘मिस्टर परफेक्शनिस्ट’ कहकर सराहते हैं, पर सेट पर उनका व्यवहार कुछ और ही कहानी कहता है। अभिनव के शब्दों में, आमिर एक बेहद मैनिपुलेटिव और कंट्रोलिंग शख्स हैं, जो हर स्थिति पर नियंत्रण रखना चाहते हैं।अभिनव ने आमिर की तुलना “सबसे चालाक लोमड़ी” से करते हुए कहा, “वो सलमान से छोटे हैं, पर समझदारी में बहुत आगे। बहुत शातिर इंसान हैं, जो हर किसी को अपने हिसाब से चलाने की कोशिश करते हैं।” उन्होंने यह भी दावा किया कि आमिर के साथ काम करना आसान नहीं होता, क्योंकि उनके फैसलों में दूसरों की राय की कोई जगह नहीं रहती।इस बयान के बाद इंडस्ट्री में फिर से बहस छिड़ गई है कि क्या बॉलीवुड में ‘परफेक्शनिज़्म’ दरअसल ‘कंट्रोल फ्रीक’ स्वभाव की आड़ है। आमिर खान की ओर से फिलहाल इस आरोप पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
