मुख्यपृष्ठअपराधपत्नी की हत्या कर शव के पास खून से लिखा...मैं पागल थी,...

पत्नी की हत्या कर शव के पास खून से लिखा…मैं पागल थी, मेरा पति निर्दोष… पुलिस ने की कड़ाई तो हत्यारे पति ने उगला सच

राजेश सरकार / प्रयागराज

पत्नी की हत्या करने वाले पति ने खुदकुशी गढ़ने के लिए उसके शव के पास खून से लिखा कि मेरा पति निर्दोष है। हालांकि, उसकी चालाकी पुलिस ने ताड़ ली और कड़ाई किया तो आरोपी पति ने सच उगल दिया। यमुनानगर के बारा थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहने वाले रोहित द्विवेदी नामक युवक ने पत्नी सुषमा की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी, फिर पुलिस को गुमराह करने के लिए पत्नी के शव के बगल मे उसके खून से लिखा कि मैं पागल थी, मेरा पति निर्दोष है। वारदात के बाद वह पीछे के गेट से ऑफिस चला गया। वहां से उसने मकान मालिक को फोन किया और कहा कि पत्नी मेरा फ़ोन नहीं उठा रही है। जरा आप बात करा दीजिए। मकान मालिक उसके कमरे में गया और आवाज दी। कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। यह बात उसने रोहित को बताई। इसके बाद पति घर पहुंचा और थोड़ी देर बाद धक्का देकर कुंडी तोड़ दी। अंदर उसकी पत्नी का खून से लथपथ शव जमीन पर पड़ा था। उसने फोन कर पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस वालों को देखकर पत्नी की लाश से लिपटकर रोने लगा। यह देखकर पुलिस ने भी पहले उस पर यकीन कर लिया, लेकिन शव पर गहरे जख्म थे। शक के आधार पर पुलिस ने पति रोहित द्विवेदी की लोकेशन जांची तो कहानी उलट गई। पता चला कि वह घटना के समय रोहित घर के आस-पास ही था। उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई तो वह टूट गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया की पत्नी को बच्चा नहीं हो रहा था, फिर मेरा एक महिला के साथ प्रेम संबंध बना। पत्नी इसका विरोध करती थी इसलिए हत्या कर दी। हत्या को सुसाइड दिखाने के लिए उसने खून से ही जमीन पर सुसाइड नोट लिखा था। सुषमा द्विवेदी की हत्या शुक्रवार को हुई थी। शनिवार को पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए पति को जेल भेज दिया। रोहित द्विवेदी मूलरूप से लालापुर थाना क्षेत्र के कचरा गांव का रहने वाला है। वह अपनी पत्नी सुषमा के साथ लोहगरा बाजार में संतोष गुप्ता के मकान में किराए पर रहता था। रोहित एनटीपीसी बारा पावर प्लांट में सिक्योरिटी डिपार्टमेंट में था। सुषमा की शादी 5 साल पहले, यानी 2020 में हुई थी। संतान नहीं होने पर दंपति के बीच लड़ाई झगड़ा होता रहता था और अब झगड़ा बढ़ता चला जा रहा था। इसी दौरान रोहित का अपनी ही रिश्तेदार महिला से अफेयर हो गया। पत्नी इसका विरोध करती थी। पति ने पुलिस को बताया शुक्रवार सुबह फिर से मेरी पत्नी से बहस शुरू हो गई। गुस्से में मैंने उसके बाल पकड़ लिए और चाकू सीधे उसके गले में घोंप दिया। वार इतना तेज था कि चाकू गले में ही फंस गया। मैं डर गया। मुझे लगा कि अगर मैं कुछ लिख दूं तो लोग समझेंगे कि उसने आत्महत्या की है। इसलिए मैंने जमीन पर उसके ही खून से ’मैं पागल थी, मेरा पति निर्दोष है’ लिख दिया। इसके बाद मैं पीछे के रास्ते से भाग निकला।

अन्य समाचार