– `नकली यमुना’ को लेकर भाजपा सरकार की चौतरफा थू-थू
-`छठ इवेंट’ पर करोड़ों रुपए पानी में बहे, व्रती हुए नाराज
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
इस साल छठ पूजा और यमुना की सफाई को लेकर भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी के बीच तेज जुबानी जंग देखने को मिली। इसी के साथ ही यमुना की सफाई को लेकर भाजपा सरकार का छल भी आम जनता ने अपनी आंखों से देखा। कल दिल्ली के यमुना घाट पर भी छठ का चौथा और आखिरी दिन बड़े धूमधाम से मनाया गया। जहां एक ओर देशभर में छठ पूजा को लेकर चारों तरफ चर्चाएं रहीं तो वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की `फिल्टर डुबकी’ ने भी सुर्खियां बटोरीं। हालांकि, छठ पूजा के आखिरी दिन पीएम मोदी `नकली यमुना’ में वासुदेव घाट में पहुंचने वाले थे और `फिल्टर डुबकी’ लगाने वाले थे लेकिन ‘नकली यमुना’ का पिछले दो दिनों से सोशल मीडिया पर इतना विरोध हुआ कि पीएमओ को कार्यक्रम रद्द करना पड़ा।
पिछले कई दिनों से `नकली यमुना’ को लेकर भाजपा सरकार की चौतरफा थू-थू हो रही थी। मीडिया से लेकर आम जनता में ऐसी फजीहत हुई कि जवाब तक नहीं दिया गया। यही वजह है भारी फजीहत के बाद पीएम मोदी के कार्यक्रम को ऐन वक्त पर रद्द कर दिया गया। इस वजह से आयोजक मुंह ताकते रह गए और छठ श्रद्धालु भी निराश हुए। दरअसल, दिल्ली सरकार द्वारा बनाई गई ‘नकली यमुना’ में वासुदेव छठ घाट में प्रधानमंत्री को पहुंचना था और उन्हें डुबकी लगानी थी। इस कार्यक्रम में दिल्ली सरकार ने करोड़ों रुपए खर्च किए थे। पूरी दिल्ली में पीएम के आगमन को लेकर पोस्टर-बैनर लगाए गए थे। पीएम मोदी का मंगलवार को ‘नकली यमुना’ में पूजा करने का कार्यक्रम तय था, जिसे अंतिम समय में टाला गया। इस मामले को लेकर आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी पर हमला बोला है।
