मुख्यपृष्ठनए समाचारबिहार विधानसभा चुनाव से पहले लालू यादव परिवार में घमासान...तेज प्रताप की...

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले लालू यादव परिवार में घमासान…तेज प्रताप की पार्टी में लालू परिवार की तस्वीर नहीं…बेटी रोहणी ने भी दूरियां बनाईं

अनिल मिश्र / पटना

बिहार चुनाव से पहले लालू यादव के परिवार में घमासान मचा है। बिहार प्रदेश की प्रमुख राजनीतिक पार्टी राष्ट्रीय जनता दल से निकाले जाने के बाद बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े पुत्र तेजप्रताप यादव ने अपनी पार्टी बना लिए हैं, वहीं रोहिणी आचार्या ने परिजनों समेत पार्टी के सदस्यों को सोशल मीडिया पर अनफॉलो कर दिया है। बिहार में जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) बनाकर तेजस्वी यादव के राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) को महुआ के अलावा दूसरी विधानसभा सीटों पर भी चुनौती देने को तैयार लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को चुनाव आयोग ने ब्लैकबोर्ड चुनाव चिह्न आवंटित कर दिया है। तेज प्रताप यादव समस्तीपुर जिले की हसनपुर सीट से विधायक हैं, लेकिन इस बार वैशाली जिले की महुआ सीट से लड़ने जा रहे हैं, जहां से 2015 के चुनाव में वो पहली बार जीते थे। तेज प्रताप इस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं। पार्टी सिंबल की जानकारी देने के लिए उन्होंने जो एक पोस्टर बनवाया, उसमें लालू प्रसाद यादव का फोटो नहीं है। तेज प्रताप यादव ने पार्टी के पोस्टर में महात्मा गांधी, भीमराव आंबेडकर, राम मनोहर लोहिया, जयप्रकाश नारायण और कर्पूरी ठाकुर कुल पांच नेताओं का फोटो इस्तेमाल किया है।गौरतलब हो तेज प्रताप यादव को आज से चार महीने पहले 25 मई को लालू यादव ने तब परिवार और पार्टी से निकाल दिया था, जब उनके सोशल मीडिया प्रोफाइल से अनुष्का यादव नाम की लड़की के साथ उनका फोटो शेयर किया गया था और दावा किया गया था कि अनुष्का और उनका 12 साल से रिलेशनशिप चल रहा है। इसको लेकर कई दिनों तक बवाल मचा रहा था, क्योंकि ऐश्वर्या राय से तलाक का केस अभी चल ही रहा है।
राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्या का मां-बाप और भाई-बहन से मोहभंग होता दिख रहा है। गुरुवार को छोटे भाई और पार्टी के ‘युवराज’ तेजस्वी प्रसाद यादव की यात्रा बस में उनके सलाहकार संजय यादव के बैठने से शुरू विवाद परिवार में बिखराव का संकेत दे रहा है। रोहिणी ने रविवार को सोशल नेटवर्किंग साइट एक्स (ट्विटर) पर लालू यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव, मीसा भारती समेत पार्टी और राजद के बाकी नेताओं को अनफॉलो कर दिया है। रोहिणी कभी सौ से ऊपर लोगों या संगठन का हैंडल फॉलो करती थीं, जो गुरुवार को विवाद की शुरुआत के बाद घटकर पहले 61 और अब 3 पर आ गया है। रोहिणी अब सिर्फ पति समरेश सिंह, राहत इंदौरी के नाम से चल रहे हैंडल और सिंगापुर के अखबार ‘द स्ट्रेट्स टाइम्स’ को फॉलो कर रही है।

अन्य समाचार