राधेश्याम सिंह / मुंबई
वसई-विरार क्षेत्र के लिए एक गर्व की खबर सामने आई है। `दोपहर का सामना’ के वरिष्ठ पत्रकार एवं द प्रेस क्लब ऑफ वसई-विरार के सम्मानित सदस्य आर.आर. सिंह के परिवार में इन दिनों हर्षोल्लास का माहौल है। उनके सुपुत्र अमित राधेश्याम सिंह ने किंग्स्टन यूनिवर्सिटी, लंदन के मेडिसिन रिसर्च सेंटर से उच्च शिक्षा के प्रथम वर्ष की डिग्री प्राप्त कर एक अहम उपलब्धि अपने नाम की है। अमित की इस सफलता ने न केवल उनके माता-पिता, बल्कि पूरे नालासोपारा, वसई-विरार क्षेत्र का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि उस कठिन परिश्रम, अनुशासन और संस्कारों का प्रतिफल है, जो उन्हें बचपन से उनके परिवार विशेषतः उनके पिता आर.आर. सिंह से मिले। सिंह स्वयं एक वरिष्ठ पत्रकार होने के साथ-साथ समाज में जागरूकता फैलाने वाले व्यक्तित्व के रूप में पहचाने जाते हैं। नालासोपारा पूर्व के तुलिंज क्षेत्र में निवास करने वाले इस परिवार के लिए यह क्षण अत्यंत गौरवपूर्ण है। अमित की यह प्रगति न केवल उनके करियर की दिशा तय करती है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी एक प्रेरणा बनती है कि मेहनत, समर्पण और परिवार के मार्गदर्शन से कोई भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना सकता है। अमित की इस उपलब्धि पर उनके परिवारजनों, मित्रों, शुभचिंतकों एवं समाज के विभिन्न वर्गों ने उन्हें हार्दिक बधाइयां प्रेषित की हैं। सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि अमित को निरंतर सफलता प्राप्त हो और वह आने वाले समय में एक प्रतिष्ठित मेडिकल रिसर्चर के रूप में उभरकर देश और समाज की सेवा करें। यह सफलता इस बात की मिसाल है कि अगर जज़्बा और उद्देश्य स्पष्ट हो, तो सीमाएं महज एक औपचारिकता रह जाती हैं।
